- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नीतेश ने शिवसेना विधायक सालवी को...
नीतेश ने शिवसेना विधायक सालवी को भाजपा में शामिल होने का दिया प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा विधायक नीतेश राणे शिवसेना विधायक राजन सालवी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। सालवी ने एक दिन पहले कोंकण की नाणार ग्रीन रिफाइनरी परियोजना के पक्ष में बयान देकर बाद में पार्टी के दबाव के कारण यूटर्न ले लिया था। इसके बाद अब नीतेश ने सालवी को भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया है। गुरुवार को नीतेश ने कहा कि रत्नागिरी के राजापुर सीट से शिवसेना विधायक सालवी ने ग्रीन रिफाइनरी परियोजना के लिए स्थानीय लोगों की भावनाओं के आधार पर भूमिका व्यक्त की थी। लेकिन इस भूमिका के कारण उन्हें शिवसेना में परेशानी हो रही है तो वे इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो जाएं। हम लोग उन्हें दोबारा चुनाव जीताएंगे। नीतेश ने कहा कि यदि परियोजना लगाने की मांग जनता की होगी तो हम लोग उनसे ऊपर नहीं है। दूसरी ओर से सालवी के बयान के विरोध में रत्नागिरी में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इससे पहले गुरुवार को सालवी ने ग्रीन रिफाइनगरी लगाने के पक्ष में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कोंकण में रोजगार नहीं है। इसलिए यदि स्थानीय जनता चाहेगी तो सरकार ग्रीन रिफाइनरी परियोजना लगाने पर विचार कर सकती है। लेकिन बाद में शिवसेना से दबाव आने के बाद सालवी अपने बयान से पलट गए थे। सालवी ने कहा था कि शिवसेना का परियोजना का विरोध है। मैं पार्टी की भूमिका के साथ में हूं। उल्लेखनीय है कि शिवसेना के विरोध के बाद पूर्व की फडणवीस सरकार ने रिफाइनरी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण को रद्द करने का फैसला लिया था।
Created On :   24 Dec 2020 7:41 PM IST