Mumbai News: उद्धव ठाकरे की शिवसेना इतिहास भूल गई, देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी - फडणवीस

उद्धव ठाकरे की शिवसेना इतिहास भूल गई, देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी - फडणवीस
  • पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में अटके 232 लोग विशेष विमान से मुंबई पहुंचे
  • उद्धव ठाकरे की शिवसेना इतिहास भूल गई, देश की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी

Mumbai News. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने गुरूवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, जिसमें शिवसेना (उद्धव) का कोई भी प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ था। अब इसी को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव गुट पर निशाना साधते हुए उन पर इतिहास भूलने का आरोप लगाया है। फडणवीस ने कहा कि मुझे इस बात का बहुत दुख है कि जब देश के दुश्मन पहलगाम जैसा हमला करते हैं तो उद्धव गुट के नेता हमले को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता इनको माफ नहीं करेगी। फडणवीस ने कहा कि जब बांग्लादेश युद्ध हुआ था तो उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का दिवंगत नेता अटल बिहारी वाजपेई ने पूरा समर्थन किया था। फडणवीस ने कहा कि यह हमारे देश के राजनीतिक दलों की नीति रही है कि जब देश पर संकट आता है तो सभी विपक्षी दल एक साथ खड़े हो जाते हैं। लेकिन पहलगाम हमले के दौरान जिस तरह से हमले का विरोध, मजाक और मूर्खतापूर्ण बयानबाजी की जा रही है, इसे देश की जनता माफ नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई जाती है तो उसमें उद्धव ठाकरे की पार्टी का कोई भी प्रतिनिधि मौजूद नहीं रहता है। यह देश के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।

232 पर्यटक विशेष विमान से फिर पहुंचे मुंबई

इस बीच शुक्रवार को 232 पर्यटकों को लेकर श्रीनगर से एक और विमान मुंबई पहुंचा। मुंबई उपनगर के पालकमंत्री आशीष शेलार मुंबई हवाई अड्डे पर खुद लोगों का हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचे। शेलार ने कहा कि राज्य सरकार महाराष्ट्र के प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी हुई है। जब तक जम्मू कश्मीर में फंसे महाराष्ट्र के लोगों को वापस नहीं लाया जाता, तब तक सरकार का यह ऑपरेशन चलता रहेगा। इसके साथ ही शिवसेना (शिंदे) प्रमुख एकनाथ शिंदे निजी स्तर पर भी जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों के फंसे पर्यटकों को मुंबई वापस लाने का काम कर रहे हैं। शुक्रवार को शिंदे गुट की ओर से करीब 70 लोगों को अलग-अलग विमान के जरिए मुंबई वापस लाया गया।

पहलगाम के आदिल का घर बनवाएंगे शिंदे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुरुवार शाम को ही श्रीनगर से मुंबई वापस लौट आए। इस हमले में पर्यटकों की मदद करने वाले पहलगाम के आदिल सैयद हुसैन के घर शिंदे गुट के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जाकर मुलाकात की। शिंदे ने आदिल के परिजनों से वीडियो कॉल पर बात करते हुए आतंकवादियों का मुकाबला करने के लिए आदिल के साहस की सराहना की। आदिल के घरवालों ने शिंदे को बताया कि उनके बेटे ने आतंकवादियों से एक-47 छीनने की कोशिश की थी, जिसमें उसकी मौत हो गई। शिंदे ने आदिल के परिवार वालों को भरोसा दिया है कि वह उनके परिवार के रहने के लिए उनका घर जरूर बनवाएंगे। उसका पूरा खर्चा शिंदे गुट वहन करेगा।

Created On :   25 April 2025 9:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story