- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- फडणवीस की नाराजगी के बाद बयान पर...
Mumbai News: फडणवीस की नाराजगी के बाद बयान पर विधायक संजय गायकवाड़ ने मांगी माफी

- गायकवाड़ ने कहा था कि पुलिस 50 लाख पकड़ती है लेकिन 50 हजार ही दिखाती है
- पुलिस पर दिए बयान पर विधायक संजय गायकवाड़ ने मांगी माफी
Mumbai News. लगातार विवादों में रहने वाले शिवसेना (शिंदे) विधायक संजय गायकवाड ने महाराष्ट्र पुलिस की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा नाराजगी जताने के बाद उन्होंने माफी मांग ली है। गायकवाड़ ने कहा कि उनका इरादा पूरे पुलिस विभाग के बारे में बोलने का नहीं था। उन्होंने कहा कि पुलिस सच में त्याग और वीरता का प्रतीक है। मेरा पुलिस बल के साहस को कम करने का कोई इरादा नहीं था। गौरतलब है कि शनिवार को संजय गायकवाड ने सार्वजनिक तौर पर बयान देते हुए कहा था कि अगर पुलिस 50 लाख रुपए पकड़ती है तो सिर्फ 50 हजार ही दिखाती है। गायकवाड़ के बयान पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने नाराजगी जताई थी।
क्या है मामला?
संजय गायकवाड ने शनिवार को महाराष्ट्र पुलिस की कार्य क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा था कि महाराष्ट्र पुलिस जैसा अकार्यक्षम विभाग पूरी दुनिया में कहीं नहीं है। गायकवाड़ ने कहा था कि अगर पुलिस 50 लाख रुपए पकड़ती है तो 50 हजार ही दिखाती है। इसके बाद उनके खिलाफ पुलिस की कार्य क्षमता पर सवाल उठाने का मामला भी दर्ज किया गया था। गायकवाड़ के बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीव्र नाराजगी जताते हुए कहा कि पुलिस के बारे में इस तरह से बात करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा था कि मैं व्यक्तिगत रूप से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से संजय गायकवाड को समझाने की अपील करूंगा। इसके साथ ही फडणवीस ने चेतावनी दी थी कि अगर गायकवाड़ बार-बार ऐसे बयान देंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएम की फटकार के बाद गायकवाड़ ने मांगी माफी
फडणवीस द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद संजय गायकवाड ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने मेरे बयान पर नाराजगी जताई है। मुझे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का भी फोन आया था। लेकिन मेरा इरादा महाराष्ट्र के पूरे पुलिस फोर्स के साहस को कम करना नहीं था। न ही उनकी बहादुरी और पराक्रम का अपमान करना था। अगर मेरे शब्दों से महाराष्ट्र की पुलिस फोर्स या सरकार को कोई नाराजगी है तो मैं सार्वजनिक रूप से महाराष्ट्र पुलिस से माफी मांगता हूं। एकनाथ शिंदे ने भी गायकवाड़ के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चाहे पुलिस विभाग हो या कोई राजनीतिक क्षेत्र हो। कुछ लोग गलतियां करते हैं। लेकिन जिन लोगों ने गलतियां की हैं उन्हें दोषी ठहराने में कोई दिक्कत नहीं है। शिंदे ने कहा कि मैंने गायकवाड से उनका बयान वापस लेने को कहा। जिसके बाद गायकवाड़ ने माफी मांगी।
कई बार विवादास्पद बयान दे चुके हैं गायकवाड़
गायकवाड़ इससे पहले भी कई बार विवादास्पद बयान दे चुके हैं। पिछले साल उन्होंने राहुल गांधी के आरक्षण पर दिए बयान पर कहा था कि अगर कोई भी व्यक्ति राहुल गांधी की जीभ काटकर लाएगा तो वह उसे 11 लाख रुपए देंगे। जिस पर काफी बबाल हुआ था।
Created On :   27 April 2025 10:10 PM IST