- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सुनील तटकरे के हाथों महाराष्ट्र...
Mumbai News: सुनील तटकरे के हाथों महाराष्ट्र गौरव रथ यात्रा का शुभारंभ, तपासे को प्रवक्ता पद से हटाया

- नदियों के जल और महापुरुषों की पावन भूमि की मिट्टी मुंबई लाई जाएगी
- महेश तपासे ने पानीपत में बन रहे शौर्य स्मारक का समर्थन किया तो पार्टी ने प्रवक्ता पद से हटाया
Mumbai News. संयुक्त महाराष्ट्र की स्थापना के 65 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राकांपा (अजित) द्वारा पूरे राज्य में महाराष्ट्र महोत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर पार्टी की ओर से आयोजित महाराष्ट्र गौरव रथयात्रा का शुभारंभ उत्साह के साथ पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे के हाथों हुआ। यह रथयात्रा महाराष्ट्र के पाँच प्रमुख क्षेत्रों मराठवाड़ा, विदर्भ, पश्चिम महाराष्ट्र, उत्तर महाराष्ट्र और कोंकण से गुजरेगी। इस यात्रा के दौरान हुतात्मा स्मारक, मंदिर, दरगाह, गुरुद्वारे, तीर्थस्थलों से पवित्र मिट्टी, नदियों का जल और किलों की मिट्टी एकत्र कर मुंबई लाई जाएगी। महाराष्ट्र के कोने-कोने से, जहां महान व्यक्तित्वों का वास और योगदान रहा है, वहां की मिट्टी और नदियों का जल रथ पर सजे मंगल कलशों में एकत्र किया जाएगा। ये मंगल कलश एक मई से पहले मुंबई लाए जाएंगे।
यह रथयात्रा इन जिलों से गुजरेगी:
• मराठवाड़ा: हिंगोली, परभणी, नांदेड़, लातूर, धाराशिव, बीड़, जालना, छत्रपति संभाजीनगर
• विदर्भ: नागपुर, भंडारा, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, अमरावती, बुलढाणा, वाशिम, यवतमाल, अकोला, वर्धा
• कोंकण: सिंधुदुर्ग, रत्नागिरी, रायगढ़, पालघर, ठाणे, मुंबई
• पश्चिम महाराष्ट्र: कोल्हापुर, सांगली, सातारा, सोलापुर, पुणे
• उत्तर महाराष्ट्र: जलगांव, नंदुरबार, धुले, अहिल्यानगर, नाशिक
महेश तपासे ने पानीपत में बन रहे शौर्य स्मारक का समर्थन किया तो पार्टी ने प्रवक्ता पद से हटाया
उधर राकांपा (शरद) मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे को हरियाणा के पानीपत में बन रहे शौर्य स्मारक का समर्थन करना भारी पड़ गया है। तपासे के विरोध के बाद राकांपा (शरद) प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटील ने राज्य के सभी प्रवक्ताओं की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। दरअसल 16 अप्रैल को पार्टी की एक बैठक में वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने पानीपत में शौर्य स्मारक बनाने के सरकार के फैसले पर विरोध जताया था। जिसको लेकर मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे ने कड़ी आपत्ति जताई थी। तपासे ने बैठक में कहा था कि उनके दादा एवं पूर्व राज्यपाल गणपत तपासे इससे पहले ही पानीपत में शौर्य स्मारक बनवा चुके हैं, इसलिए पार्टी को सार्वजनिक तौर पर इसका विरोध नहीं करना चाहिए। खबर है कि उनके विरोध के बाद जयंत पाटील ने तपासे समेत राज्य के सभी प्रवक्ताओं की नियुक्ति को रद्द कर दिया।
क्या है मामला?
16 अप्रैल को शरद गुट के वरिष्ठ नेताओं की मुंबई में बैठक हुई थी। जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील, जितेंद्र आव्हाड एवं मुख्य प्रवक्ता महेश तपासे भी शामिल हुए थे। बैठक में आव्हाड ने पानीपत में राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे शौर्य स्मारक का विरोध किया, तो इस पर तपासे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पानीपत में शौर्य की गाथा में महाराष्ट्र के लोगों का योगदान रहा है। इसलिए पार्टी को इसका विरोध नहीं करना चाहिए। खबर है कि इस बैठक में आव्हाड और तपासे के बीच बहस भी हुई थी। जिसके बाद जयंत पाटील ने महेश तपासे समेत पार्टी के सभी प्रवक्ताओं की नियुक्ति को रद्द कर दिया।
इस बीच तपासे शुक्रवार को पानीपत के उस शौर्य स्मारक पर भी पहुंचे, जिसको लेकर उन्होंने आव्हाड का विरोध किया था। भले ही प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने तपासे को मुख्य प्रवक्ता के पद से हटा दिया हो लेकिन अब तपासे के समर्थन में विधायक रोहित पवार भी आ गए हैं। रोहित ने कहा कि हमारी पार्टी में सभी नेताओं को अपनी-अपनी बात कहने का हक है। रोहित ने कहा कि यह सच है कि तपासे के दादा जब हरियाणा के राज्यपाल थे तो उन्होंने पानीपत में एक शौर्य स्मारक बनवाया था। इसलिए उन्होंने स्मारक का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में बहुत जल्द तपासे से मुलाकात करेंगे।
Created On :   25 April 2025 9:56 PM IST