Mumbai News: मई में वाहनों के लिए पूरा खुल जाएगा समृद्धि महामार्ग, 25 घंटे में पहुंच सकेंगे गोरखपुर

मई में वाहनों के लिए पूरा खुल जाएगा समृद्धि महामार्ग, 25 घंटे में पहुंच सकेंगे गोरखपुर
  • 25 घंटे में पहुँच सकेंगे गोरखपुर , फ़िलहाल लगते है 30 घंटे
  • समृद्धि महामार्ग के बिना था उत्तर भारत का सफर लंबा

Mumbai News सुजीत गुप्ता। मुंबई - नागपुर समृद्धि महामार्ग का अंतिम चरण इगतपुरी से मुंबई के बीच मई महीने में वाहनों के आवागमन के लिए शुरू हो जाएगा। जानकारी के अनुसार 1 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समृद्धि महामार्ग के इस अंतिम चरण का उद्घाटन कर इस पुरे कॉरिडोर को वाहनों के लिए शुरू करेंगे। अंतिम चरण शुरू होने पर मुंबई से नागपुर 701 किमी का सफर तेजी से पूरा होगा। 701 किमी का यह समृद्धि महामार्ग सड़क मार्ग से उत्तर भारत जाने वाले यात्रियों के लिए तेजी से सफर करने का एक नया विकल्प होगा। ग्रीष्मावकाश और त्यौहार के मौके पर गांव जाने वाले यात्रियों को रेल टिकट नहीं मिलने पर समृद्धि महामार्ग यातायात का सुगम साधन होगा। फ़िलहाल मुंबई से गोरखपुर सड़क मार्ग से जाने के लिए करीब 30 घंटे का समय लगता है लेकिन समृद्धि महामार्ग का यह पूरा कॉरिडोर शुरू होने पर मुंबई से गोरखपुर की दूरी करीब 25 घंटे में तय होगी। जिससे यात्रियों का करीब 5 घंटे का समय बचेगा।

समृद्धि महामार्ग के बिना था उत्तर भारत का सफर लंबा

मुंबई में टैक्सी चालक संदीप मौर्य ने बताया कि ट्रेन का टिकट नहीं मिलने पर पिछले साल गर्मी के सीजन में हम परिवार के साथ गांव गए थे। मुंबई से सफर की शुरुआत करने पर सबसे पहले फ्री वे से ठाणे और यहाँ से होते हुए भिवंडी पहुंचे। भिवंडी से सड़क का सफर तय करते हुए हम धुलिया होते हुए इंदौर गए और यहाँ से आगरा हाईवे पकड़कर शिवपुरी से कानपूर हाईवे के रस्ते सीधा लखनऊ पहुंचे और यहाँ से अयोध्या पहुंचे। यह सफर हमने 16 मई को शुरू किया था और 17 मई को सुबह 9 बजे अयोध्या में ख़त्म हुआ। इस दौरान मुंबई से अयोध्या का सफर 33 घंटे में तय किया।

6 घंटे में मुंबई से नागपुर का सफर संभव हुआ

इसी साल 11 मई 2025 को मुंबई समृद्धि महामार्ग से गोरखपुर गए धर्मेंद्र यादव ने अपना अनुभव दैनिक भास्कर से साझा करते हुए बताया कि मुंबई से नागपुर समृद्धि महामार्ग के रहते हम 6 घंटे में पहुंच। समृद्धि महामार्ग का 701 किमी का हाईवे जलद यातायात के लिहाज से बहुत सही है। ड्राइविंग के दौरान दूर दूर तक कोई गाड़ी नहीं दिखाई दे रही थी। हर 100 किमी पर पेट्रोल पंप है जहाँ आसानी से डीजल और पेट्रोल भरने की व्यवस्था के साथ ही खानपान की सुविधा है। पेट्रोल पंप पर केवल सीएनजी की व्यवस्था नहीं है। 6 घंटे में मुंबई से नागपुर का सफर समृद्धि महामार्ग से तय करने के बाद हम गोरखपुर 22 - 23 घंटे में आराम से ठहरते हुए हम गोरखपुर पहुंच गए।

701 किमी लंबा समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस वे से मुंबई - नागपुर का सफर तेज होने के साथ ही दो शहरों के बीच आसान कनेक्टिविटी देगा। समृद्धि मार्ग एक्सप्रेस वे को फ़िलहाल तीन चरणों में शुरू किया गया हैं। पहला चरण 11 दिसंबर 2022 को नागपुर से शिरडी 520 किमी मार्ग पर शुरू किया गया था। इसके बाद दूसरा चरण 26 मई 2022 को शिरडी से भैरवीर तक 80 किमी मार्ग और 25 किमी का तीसरा चरण भैरवीर से इगतपुरी तक दिसंबर 2024 में शुरू किया गया। 76 किमी का अंतिम चरण जनवरी तक शुरू करने की योजना है। कुछ महीने की देरी के बाद अब इसे मई महीने में शुरू करने की योजना है।

ये है समृद्धि मार्ग की खासियत

लागत : 55,392 करोड़ रुपए

स्पीड : एक्सप्रेसवे पर 150 किमी प्रति घंटा की स्पीड से गाड़ी चलने की अनुमति है। जिससे सफर का समय कम होगा

सुरक्षा : इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट की सुविधा है तक वाहनों की स्पीड को मॉनिटर किया जा सके। इसके अलावा वाहन चालकों की सुविधा के अनुसार विश्राम क्षेत्र , फ़ूड प्लाजा और पेट्रोल पंप की सुविधा। दुर्घटना होने पर एयर एम्बुलेंस आदि की सुविधा समृद्धि मार्ग पर उपलब्ध होगी। पर्यावरण और वन्य जीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन्य जीव क्रॉसिंग और ध्वनि अवरोधक लगाए गए हैं।

Created On :   25 April 2025 9:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story