प्रेम संबंधों में हत्या: प्रेमिका की हत्या कर शव जंगल में दफनाया , प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रेमिका की हत्या कर शव जंगल में दफनाया , प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकारी
  • शव को ठिकाने लगाने के लिए दफना दिया
  • शादी करने के लिए दबाव बना रही थी इसलिए कर दी हत्या

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मानकापुर क्षेत्र की एक युवती की हत्या कर शव रामटेक के जंगल में दफनाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने मृत युवती प्रिया बागड़ी उर्फ प्रिया गुलक (27) के मित्र आरोपी महेश केशव वलसकर (57), न्यू सोमवारीपेठ, सक्करदरा निवासी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी महेश और प्रिया की करीब 5 साल से जान-पहचान थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध जुड़ने के बाद प्रिया शादी करने के लिए महेश पर दबाव बना रही थी, जिसके चलते महेश ने हत्या कर प्रिया शव जंगल में दफना दिया। बुधवार को प्रिया का शव बाहर निकाला जाएगा।

आखिरी लोकेशन प्रेमी के होटल में मिली : पुलिस के अनुसार प्रिया करीब 6 साल से फरस, गोधनी में परिवार से अलग किराए के कमरे में रहने चली गई थी। 16 अगस्त को वह अचानक कमरे से लापता हो गई। उसका मोबाइल भी बंद हो गया था। प्रिया की मां जब उससे मिलने मानकापुर पहुंची, तो पता चला कि, वह गायब हो गई है। तब 24 अगस्त को मां ने मानकापुर थाने में प्रिया के लापता होने की शिकायत की। इस बारे में पुलिस परिमंडल-2 के उपायुक्त राहुल मदने को पता चलने पर उन्होंने प्रिया की लोकेशन पता लगाने का निर्देश दिया। प्रिया का आखिरी लोकेशन रामटेक के एक होटल में मिली।

आरोपी का है होटल : होटल आरोपी प्रेमी महेश वलसकर का है। प्रिया, महेश के होटल में भी रुकती थी। उसका सारा खर्च महेश ही वहन करता था। करीब एक माह से प्रिया, कथित प्रेमी महेश पर शादी करने के लिए बार-बार दबाव बना रही थी। महेश पहले से विवाहित था। वह शादी करने के लिए तैयार नहीं था।

गला घोंटकर उतारा मौत के घाट : महेश दूध पावडर बनाने की कंपनी में प्रबंधक था। कंपनी में प्रिया भी नौकरी करती थी। तब दोनों के प्रेम संबंध जुड़े थे। प्रिया ने जब महेश पर रामटेक के होटल में जाकर दबाव बनाया, तो उसने रात में प्रिया का गला घोंटकर हत्या कर दी। प्रिया के शव को होटल से करीब 3 किमी दूर जंगल में ले जाकर दफना दिया।

मां ने प्रेमी पर संदेह जताया था : प्रिया की मां ने अपनी शिकायत में महेश पर संदेह जताते बताया था कि, महेश, प्रिया का करीबी दोस्त था। पुलिस ने महेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने सबकुछ उगल दिया। हालांकि, पुलिस गिरफ्त में आने से पहले ही महेश को पता चल गया था कि, उसकी करतूत के बारे में पुलिस को मालूम हो गया है, तो उसने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने महेश के होटल में काम करने वाली एक महिला से पूछताछ की, तो पता चला कि, महेश ने पहले भी जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। अंतत: पुलिस ने महेश को गिरफ्तार कर लिया। उसने प्रिया की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। मानकापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   11 Sept 2024 7:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story