- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 60-60 दिन के लिए बंद रहेंगे नागपुर...
Nagpur News: 60-60 दिन के लिए बंद रहेंगे नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म

- 1 से 7 नंबर के प्लेटफार्म पर होंगे नए निर्माण कार्य
- नागपुर स्टेशन का काम दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश
Nagpur News नागपुर रेलवे स्टेशन पर निर्भर रहने वाले यात्रियों को वर्तमान में स्टेशन के विकास कार्य के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले कुछ दिनों में यह परेशानी और भी बढ़ने वाली है। इसका मुख्य कारण स्टेशन पर होने वाले कॉनकोर्स का निर्माण है। इसके चलते एक-एक कर सभी 7 प्लेटफार्म को बारी-बारी से 60-60 दिन के लिए बंद किया जाने वाला है। इस दौरान गाड़ियों को दूसरे प्लेटफार्म से शिफ्ट कर चलाया जाएगा। हालांकि इस योजना पर अमल के लिए रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
पुनर्विकास हो रहा है शहर का नागपुर व अजनी रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए अहम है। यहीं से दिल्ली, मुंबई व हावड़ा की ओर यात्री आना-जाना करते हैं। दोनों स्टेशनों के पुनर्विकास का काम हो रहा है। अजनी का काम वर्ष 2026 के मई महीने तक और नागपुर स्टेशन का काम इसी साल के दिसंबर महीने तक पूरा किया जाना है।
बड़ी चुनौती : केवल नागपुर रेलवे स्टेशन की बात करें तो इसे वर्ल्ड क्लास स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। यहां कुल 8 प्लेटफार्म हैं। इनमें से 7 प्लेटफार्म के ऊपर कॉनकोर्स का निर्माण किया जाने वाला है, जिसमें यात्री सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें प्रतीक्षालय, खान-पान की दुकानें, रोजमर्रा लगने वाली चीजों के शॉप आदि होंगे। इस काम को पूरा करना रेलवे के लिए एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि नागपुर स्टेशन मध्य रेलवे का एक व्यस्त स्टेशन है। प्रति दिन एक सौ से ज्यादा यात्री गाड़ियों का आवागमन होता है। ढाई सौ की संख्या में यहां से मालगाड़ियां चलाई जाती हैं। ऐसे में स्टेशन पर कॉनकोर्स बनाना मुश्किल है। इसे साकार करने के लिए प्लेटफार्म को बंद रखा जाना जरूरी है। इसके लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी गई है।
1-2 पर ‘अग्निपरीक्षा’ : नागपुर स्टेशन का सबसे व्यस्त प्लेटफार्म नंबर एक व दो हैं। एक नंबर पर दिल्ली की ओर जाने वाली और 2 नंबर पर इटारसी से आने वाली गाड़ियां रोकी जाती हैं। आना-जाना दिन भर चलता रहता है। ऐसे में इन दो प्लेटफार्म को बंद करना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती रहेगी।
अजनी स्टेशन को भी किया था 90 दिन के लिए बंद : अजनी नागपुर का उप-स्टेशन कहा जाता है। इस स्टेशन पर ज्यादा नहीं, लेकिन कुछ गाड़ियों को रोकने से यात्रियों को नागपुर स्टेशन पर आने की जरूरत नहीं पड़ती है। कुछ समय पहले इसी तरह के विकास कार्य के चलते इस स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 बंद किया था। कुल 90 दिन यात्रियों को इस स्टेशन पर आने की अनुमति नहीं थी।
अनुमति का इंतजार : नागपुर स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर कॉनकोर्स का निर्माण किया जाने वाला है, जिसके लिए 60-60 दिन तक इन्हें बारी-बारी से बंद रखा जाएगा। फिलहाल रेलवे बोर्ड से अनुमति नहीं मिली है। अनुमति मिलते ही अमल किया जाएगा। -अमन मित्तल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मध्य रेलवे नागपुर
Created On :   8 April 2025 12:31 PM IST