Mumbai News: पीएमआरडीए के 3 हजार 838 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी, सीएम की अध्यक्षता में बैठक

पीएमआरडीए के 3 हजार 838 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी, सीएम की अध्यक्षता में बैठक
  • पुणे में 10 जगहों पर बनेगा नया अग्निशमन केंद्र
  • सरकार ने महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी की पुरस्कार राशि दोगुनी की

Mumbai News : पुणे महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) के 3 हजार 838 करोड़ 61 लाख रुपए के बजट को मंजूरी दी गई है। मंगलवार को राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में पीएमआरडीए की बैठक हुई। इसमें राज्य की मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, प्रदेश के वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओ पी गुप्ता, राज्य के नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव असीम गुप्ता, पीएमआरडीए के आयुक्त योगेश म्हसे मौजूद थे। बैठक में पीएमआरडीए के लिए ठाणे शहर के तर्ज पर आपदा प्रतिसाद दस्ता स्थापित करने और 10 जगहों पर नया अग्निशमन केंद्र बनाने को मंजूरी दी गई। जबकि 11 जगहों पर सीवरेज योजना तैयार करने और लोणावला में टाइगर तथा लायन्स पांईंट में ग्लास स्काइवॉक तैयार करने को बैठक में मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमआरडीए के जरिए बनाए जाने वाले किफायती घरों के निर्माण की गुणवत्ता को बेहतर रखा जाए। घरों की खराब गुणवत्ता के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमआरडीए के जरिए तैयार किए गए पहले चरण के 4 हजार 886 घरों में से बचे हुए 1 हजार 620 घरों की लॉटरी जल्द निकाली जाए। दूसरे चरण के 6 हजार घरों के निर्माण को गति दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे में बनने वाला कन्वेंशन सेंटर वैश्विक दर्जे का बनाने के लिए योजना तैयार की जाए। गुंठेवारी अधिनियम के तहत नियमितीकरण का शुल्क कम करके नागरिकों को राहत प्रदान की जाए। यह शुल्क भरने के लिए नागरिकों को 31 मार्च का समय दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल सेतू और मुंबई-पुणे महामार्ग मिसिंग लिंक जैसी परियोजनाओं से पुणे और मुंबई महानगर करीब आ गए हैं। सांस्कृतिक शहर के रूप में पुणे की पहचान कायम बनी रहनी चाहिए। बैठक में पीएमआरडीए का 5 करोड़ 75 लाख रुपए का सरप्लस बजट पेश किया गया था।

सरकार ने महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी की पुरस्कार राशि दोगुनी की

महाराष्ट्र सरकार ने महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी की ओर से दिए जानेवाले पुरस्कार की राशि दोगुनी कर दी है। अकादमी के कार्याध्यक्ष शीतला प्रसाद दुबे ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय पुरस्कार राशि एक लाख, राज्य स्तरीय पुरस्कार राशि 51 हजार और विधागत पुरस्कार राशि स्वर्ण पदक 35 हजार, रजत पदक 25 हजार तथा कांस्य पदक 11 हजार को बढ़ाकर क्रमश: दो लाख, एक लाख, 75 हजार, 50 हजार और 25 हजार रुपए कर दिया गया है। डॉ. दुबे ने कहा कि हिंदी भाषा और साहित्य का सम्मान सभी हिंदी सेवियों का सम्मान है।

Created On :   24 Sept 2024 4:55 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story