- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गडचिरोली
- /
- मुर्गियों का शिकार करने आया और कुएं...
घटना: मुर्गियों का शिकार करने आया और कुएं में गिर पड़ा तेंदुआ, रेस्क्यू कर निकालना पड़ा

- कुएं से निकालकर पिंजरे में कैद किया
- तेंदुए को देखने के लिये ग्रामीणों की लगी भीड़
- लगातार कर रहा था मुर्गियों का शिकार
डिजिटल डेस्क, आरमोरी (गड़चिरोली)। तहसील के देऊलगांव में पिछले कुछ दिनों से मुर्गियों का शिकार कर रहा एक तेंदुआ रविवार की रात अचानक एक कुएं में गिर गया। सोमवार की सुबह यह घटना उजागर होते ही नागरिकों में खलबली मच गयी। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही वनिवभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य शुरू किया और तेंदुए को कुएं से बाहर निकालकर पिंजरें में कैद किया जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरमोरी वनपरिक्षेत्र अंतर्गत देऊलगांव के जंगल का तेंदुआ रविवार की रात मुर्गियों को अपना निवाला बनाने के लिये गांव में घुस गया। लेकिन रात के समय मुर्गियों का शिकार करने का प्रयास करते समय मोतीराम श्रावण कामतकार नामक व्यक्ति के घर समीपस्थ कुएं में तेंदुआ गिर गया। सोमवार को सुबह कुएं में तेंदुआ गिरे होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में खलबली मच गयी। वहीं तेंदुए को देखने के लिये ग्रामीणों को भीड़ हो गयी। इसके बाद इस मामले की जानकारी वनविभाग को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही वड़सा वनविभाग के उपवनसंरक्षक धर्मवीर सालविठ्ठल, सहायक वनसंरक्षक मनोज चव्हाण के नेतृत्व में वनविभाग के पथक ने विशेष प्रयास कर आखिरकार तेंदुए को कुएं से बाहर निकालकर पिंजरे में कैद किया। कुएं में तेंदुआ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से यह मामला लोगों के लिये चर्चा का विषय बना रहा था।
इसी बीच तेंदुए को जंगल में छोड़ने की जानकारी वनविभाग से मिली है। यह कार्रवाई आरमोरी के वनपरिक्षेत्र अधिकारी अविनाश मेश्राम, क्षेत्र सहायक आर. पी. राजेंद्र कुंभारे, वन्यजीव संरक्षण पथक के वनपाल तिजारे, संरक्षण पथक के वनपाल मेनेवार, वनरक्षक नलिनी भर्रे, अजय उरकुडे, पी. आर. पाटील, आनंद साखरे, नीलेश पंधराम, कुलमेथे, सुनील उरकुडे, मनन शेख, पुंडलिक दाने, संतोष राऊत आदि समेत आरमोरी वनपरिक्षेत्र के वन कर्मचारी, वड़सा वनविभाग के कर्मचारी व पुलिस विभाग की टीम ने की है।
Created On :   18 Jun 2024 4:08 PM IST