India-France Rafale Deal: भारत और फ्रांस के बीच अब तक की सबसे बड़ी डील, 63 हजार करोड़ रुपए में 26 राफेल मरीन मिलेंगे, परमाणु बम दागने की क्षमता से होंगे लैस

- भारत-फ्रांस के बीच 26 राफेल मरीन विमानों की डील हुई पक्की
- भारत फ्रांस से 22 सिंगल सीटर और 4 डबल सीटर विमान खरीदेगा
- परमाणु बम दागने की क्षमता से होंगे लैस
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और फ्रांस के बीच अब तक का सबसे बड़ा रक्षा सौदा हुआ है। सोमवार को राजधानी दिल्ली में दोनों देशों के बीच 26 राफेल मरीन विमानों की डील साइन हो गई है। भारत की ओर से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने डील पर साइन किए। इस डील के अंतर्गत भारत फ्रांस से 22 सिंगल सीटर और 4 डबल सीटर विमान खरीदेगा। ये विमान परमाणु बम दागने की क्षमता से भी लैस होंगे।
63 हजार करोड़ में हुई डील
फ्रांस के साथ ये डील 63 हजार करोड़ रुपये में हो रही है। हथियारों की खरीद के मामले में यह भारत और फ्रांस के बीच की सबसे बड़ी डील है। बता दें कि इस डील को मंजूरी 23 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में मिली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमानों की डिलीवरी 2028-29 में शुरू होगी और 3-4 साल यानी 2032 तक सभी विमान भारत पहुंच जाएंगे।
राफेल मरीन की खासियत
5.34 मीटर ऊंचे और 10.80 मीटर चौड़े राफेल मरीन फाइटर जेट में 2 क्रू पायलट सवार हो सकते हैं। 2200 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ने वाले ये लड़ाकू विमान 3700 किमी की दूरी तक हमला करने में सक्षम होते हैं। यह 50 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ सकते हैं, साथ इनकी क्षमता 9 टन तक हथियार ले जाने की है। यह परमाणु हमला और एंटी शिप स्ट्राइक कर सकता है।
INS विक्रांत पर होंगे तैनात
फ्रांस से खरीदे गए इन विमानों की तैनाती भारत आईएनएस विक्रांत पर करेगा। विमान बनाने वाली कंपनी दसॉ एविएशन ने विमानों में भारत की जरूरत के हिसाब से कई बदलाव किए हैं। जैसे कि इसमें एंटी शिप स्ट्राइक, न्यूक्लियर हथियार लॉन्च करने की क्षमता और 10 घंटे तक फ्लाइट रिकॉर्ड करना। इसके अलावा कंपनी हथियार प्रणाली, स्पेयर पार्ट्स और एयरक्राफ्ट के जरूरी टूल्स भी भारत को देगी।
बता दें कि राफेल मरीन से पहले भी भारत फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीद चुका है। एयरफोर्स के लिए खरीदे गए इन विमानों की डील 2016 में हुई थी और 2022 तक ये सभी भारत पहुंचे थे।
Created On :   28 April 2025 5:16 PM IST