2130 लोगों को मिला पक्का आवास: 1 अरब 29 करोड विकास कार्यों से बदलेगी पन्ना की तस्वीर, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने दो साल के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धि

1 अरब 29 करोड विकास कार्यों से बदलेगी पन्ना की तस्वीर, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने दो साल के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धि
  • 1 अरब 29 करोड विकास कार्यों से बदलेगी पन्ना की तस्वीर
  • नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने दो साल के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धि
  • शहर में 2130 लोगों को दिया गया पक्का आवास

डिजिटल डेस्क, पन्ना। नगर पालिका परिषद पन्ना के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर नगर पालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय ने पत्रकारों से विशेष चर्चा में अपने कार्यकाल की उपलब्धियां बताई और कहा कि उनका लक्ष्य पन्ना को विकास में अग्रणी बनाना है। उन्होंने बताया कि पन्ना शहर में विकास योजनाओं से जोडने के लिए उन्होंने भरकस प्रयास किए हैं। इसमें क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं विधायक पन्ना बृजेन्द्र प्रताप सिंह का पूरा सहयोग मिला। जिसके बल पर दो साल में ही पन्ना की तस्वीर बदलने की दिशा में प्रभावी काम हुए हैं। उन्होंने बताया कि दो साल के कार्यकाल में अभी तक 1 अरब 28 करोड 46 लाख से अधिक के कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। किसी भी परिषद के लिए यह आंकडा पांच सालों के विकास योजनाओं पर खर्च हुई राशि से कहीं अधिक है। दो साल में ही मीना पाण्डेय की परिषद ने हर क्षेत्र में विकास कार्यों को स्वीकृत कराने में सफलता पाई है। उन्होंने बताया कि उनका सर्वाधिक फोकस पन्ना की पेयजल व्यवस्था को लेकर था।

यह भी पढ़े -कमिश्नर ने पन्ना तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण, ग्राम दहलान चौकी में रोपा पौधा

इसके लिए 42 करोड से अधिक की राशि विभिन्न मदों से प्राप्त कर सिर्फ पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने की दिशा में खर्च की है। इसके साथ ही शहर के कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को पीएम आवास योजना के तहत 2130 आवास स्वीकृत कराए हैं। जिससे आम लोगों का जीवन भी बेहतर हो सके। इसी के साथ ही शहर की सडकों एवं नालियों के सुधार की दिशा में भी प्रभावी काम किए गए हैं। मीना पाण्डेय ने बताया कि शहर के प्रबुद्धजनों के सहयोग और मार्गदर्शन में लोकोपयोगी विकास कार्य स्वीकृत कराए गए हैं। अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं और कई महत्वपूर्ण कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने बताया कि शहर को बेहतर बनाने की दिशा में उनके सहयोगी परिषद के सदस्यों, पार्षदों एवं नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारियों सहित जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिला है। यही कारण है कि इतने कम समय में पन्ना शहर को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए इतने विकास कार्य स्वीकृत हो सके हैं। नगर पालिका में आम लोगों को अपने कार्यों को कराने में कोई असुविधा न हो इसका ध्यान रखा गया है। दो साल में 361 नामांतरण प्रकरण स्वीकृत किए गए साथ ही हितग्राहीमूलक योजनाओं के संचालन में भी हम अग्रणी रहे हैं। उन्होंने कहा कि जितने विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं सभी के पूरा होने के साथ ही पन्ना शहर में विकास स्वत: नजर आने लगेगा यही हमारी सबसे बडी उपलब्धि है।

यह भी पढ़े -युवक पर लाठी-डण्डे से जानलेवा हमला, तीन के विरूद्ध मामला दर्ज, चुनावी रंजिश के चलते हमला किए जाने का आरोप

पेयजल व्यवस्था पर फोकस

नगर में पेयजल संकट की स्थिति साल दर साल गंभीर होती जा रही है। गर्मी आने के साथ ही पेयजल संकट गहरा जाता है। इसे देखते हुए नगर पालिका ने पेयजल को फोकस करते हुए कार्ययोजना बनाई। अमृत 2.0 योजनांतर्गत 40.58 करोड की योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। इसके साथ ही कटरा बांध से पन्ना पानी लाने के साथ निरपत सागर को फिल्टर प्लांट से जोडने के लिए 299.51 लाख रूपये की लागत से पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। शहर के हर व्यक्ति को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके इस दिशा में हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर कार्ययोजनाएं बनाई जा रहीं है जिससे पन्ना शहर सुंदर और व्यवस्थित हो सके।

यह भी पढ़े -पन्ना जिले के धरमपुर थाना के ग्राम लहियापुरवा में जेठ-जेठानी पर मारपीट करने का आरोप

Created On :   10 Aug 2024 12:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story