- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- यस बैंक घोटाला : राणा कपूर परिवार...
यस बैंक घोटाला : राणा कपूर परिवार के पास हैं 19 कंपनियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नियमों के विपरीत जाकर कर्ज देने के कथित मामले में आरोपी यस बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक राणा कपूर को शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को मुंबई की विशेष अदालत में पेश किया गया। इस दौरान सरकारी वकील ने न्यायाधीश को बताया कि जांच के दौरान ईडी को राणा कपूर व उनके परिवार से जुड़ी नई 19 कंपंनियों के बारे में जानकारी मिली है। ईडी को आशंका है कि इन्हीं कंपनियों के जरिए आरोपी ने मनीलांडरिंग की होगी। न्यायाधीश पीपी राजवैद्य ने ईडी की ओर से दिए गए हिरासत आवेदन पर गौर करने के बाद कपूर दो अप्रैल तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले सरकारी वकील ने कहा कि ईडी के अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हुए हैं कि किस तरह कपूर की नई कंपनियों में मनीलांडरिंग के जरिए पैसे का इस्तेमाल किया गया है। शुरुआत में ईडी ने दावा किया था कि कपूर ने 78 कंपनियों के जरिए अवैध तरीके से हासिल किए गए पैसों की मनीलांडरिंग की है। अब ईडी को 19 नई कंपनियों के बारे में जानकारी मिली है। जिसकी फिलहाल जांच चल रही है। इस तरह से अब कपूर व उसके परिवार के लोगों का नाम 97 कंपनियों से जुड़ गया है।
ईडी के मुताबिक आरोपी कपूर ने अपने कार्यकाल के दौरान नियमों के विपरित तीन हजार करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज मंजूर किया था। बाद में इसमें से दो हजार करोड़ रुपए के कर्ज को एनपीए (न वसूल किया जानेवाला कर्ज) घोषित कर दिया गया।
कोरोना के नाम पर मांगी जमानत
इस दौरान कपूर की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता आबाद पोंडा ने कहा कि उनके मुवक्किल का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वे काफी कमजोर हैं और अवसाद से ग्रस्त हैं। ऐसे में यदि उन्हें जेल भेजा जाता है तो उनके कोरोना से संक्रमित होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इसके बाद न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को कपूर के स्वास्थ्य के संबंध में डाक्टर की सलाह पर जरुरी दवाईयां उपलब्ध कराने को कहा। गौरतलब है कि जांच में सहयोग न करने के चलते ईडी ने कपूर को आठ मार्च 2020 को प्रिवेशन आफ मनी लॉडरिंग कानून के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया था।
इस बीच सीबीआई ने कपूर के खिलाफ कोर्ट से प्रोडक्सन वारंट हासिल किया है। अब यह वारंट जेल प्रशासन को सौपा जाएगा। जिसके बाद कपूर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने कपूर व उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए है। एक मामले में दावा किया गया है कि कपूर को डीएचएफएल को लाभ पहुंचाने के एवज में 600 करोड़ रुपए मिले थे। दूसरे मामले में कपूर पर एक बगले की खरीद से 307 करोड़ रुपए अवैध रुप से मिलने का आरोप लगाया गया है।
Created On :   20 March 2020 10:13 PM IST