- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- प्रदेश भाजपा के जिला अध्यक्षों का...
Mumbai News: प्रदेश भाजपा के जिला अध्यक्षों का चुनाव 30 अप्रैल तक होगा, हुई पर्यवेक्षकों की नियुक्ति

- जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
- भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सिंह ने दी जानकारी
- 35 से 45 आयु वर्ग के 1196 मंडल अध्यक्ष बनाएगी भाजपा
Mumbai News. प्रदेश भाजपा के जिला अध्यक्षों का चुनाव 30 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। प्रदेश भाजपा की ओर से जिला अध्यक्षों का चुनाव के लिए 23 नेताओं को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव (मुख्यालय) तथा सांसद अरुण सिंह ने बताया कि तहत जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए सभी जिलों में 22 अप्रैल को कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके बाद 30 अप्रैल तक सभी जिलों अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी। 60 साल आयु वर्ग तक के नेताओं को जिला अध्यक्ष बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में सिंह ने पार्टी के संगठनात्मक चुनाव की समीक्षा बैठक की। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण मौजूद थे। पत्रकारों से बातचीत में सिंह ने कहा कि प्रदेश भाजपा की ओर से 1196 मंडल अध्यक्षों की घोषणा 20 अप्रैल की होगी। इसके लिए पार्टी की ओर से हर मंडल में बैठक आयोजित की जाएगी। प्रदेश भाजपा के अधिकांश मंडल अध्यक्ष 35 से 45 आयु वर्ग के होंगे। सिंह ने बताया कि राज्य में पार्टी की ओर से 70 प्रतिशत बूथ समितियों का गठन कर लिया है। 70 लाख बूथ समितियों का गठन हो चुका है। 22 अप्रैल तक एक लाख बूथ समितियों का गठन पूरा किया जाएगा। राज्य में गठन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बूथ समितियों के लगभग 12 लाख होंगे। सिंह ने बताया कि प्रदेश भाजपा ने 1 करोड़ 50 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाए हैं। जबकि 1 लाख 34 हजार से अधिक सक्रिय सदस्य बने हैं। आगामी समय में प्रदेश भाजपा राज्य में 3 लाख सक्रिय सदस्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करेगी।
जिला अध्यक्ष चुनाव के लिए ये पर्यवेक्षक नियुक्त
प्रदेश भाजपा ने जिला अध्यक्ष के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। भाजपा विधायक निरंजन डावखरे को उत्तर मुंबई, उत्तर- पश्चिम मुंबई, उत्तर मध्य-मुंबई जिले का पर्यवेक्षक बनाया गया है। जबकि भाजपा विधायक श्रीकांत भारतीय उत्तर-पूर्व मुंबई, दक्षिण मध्य- मुंबई और दक्षिण मुंबई जिले के पर्यवेक्षक होंगे। भाजपा विधायक विक्रांत पाटील को ठाणे शहर, नवी मुंबई, वसई-विरार के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा नेता माधवी नाईक को मीरा-भायंदर, कल्याण और रायगड का पर्यवेक्षक बनाया गया है। भाजपा विधायक संजय केलकर ठाणे ग्रामीण, उल्हासनगर, रत्नागिरी दक्षिण, रत्नागिरी उत्तर के पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। भाजपा नेता जगन्नाथ पाटील भिवंडी और पालघर के पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। जबकि भाजपा सांसद धनंजय महाडिक को पुणे शहर, पुणे उत्तर (मावल), पुणे दक्षिण (बारामती) और पिपंरी-चिंचवड का पर्यवेक्षक बनाया गया है।
जिला अध्यक्ष चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त
भाजपा विधायक रणधीर सावरकर को नागपुर शहर, अमरावती शहर, अमरावती ग्रामीण, बुलढाणा और खामगांव का पर्यवेक्षक बनाया गया है। भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले को नागपुर ग्रामीण, चंद्रपुर शहर और चंद्रपुर ग्रामीण का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा विधायक मदन येरावार को अकोला शहर, अकोला ग्रामीण, वाशिम, वर्धा का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा के पूर्व विधायक गिरीश व्यास भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली, यवतमाल और पुसद के पर्यवेक्षक होंगे। भाजपा विधायक संभाजी पाटील-निलंगेकर छत्रपति संभाजीनगर शहर, छत्रपति संभाजीनगर उत्तर, छत्रपति संभाजीनगर दक्षिण के पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। भाजपा विधायक संजय कुटे को जलगांव शहर, जलगांव पूर्व (रावेर), जलगांव पश्चिम के पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा विधायक राणाजगजीत सिंह- पाटील को परभणी शहर, जालना ग्रामीण और हिंगोली, भाजपा नेता तथा प्रदेश की राज्य मंत्री मेघना बोर्डिकर को जालना शहर, जालना ग्रामीण, बीड़ और भाजपा नेता तथा राज्य के कैबिनेट मंत्री अतुल सावे को नांदेड़ शहर, नांदेड़ उत्तर और नांदेड़ दक्षिण का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। भाजपा सांसद भागवत कराड को लातूर शहर, लातूर ग्रामीण और धाराशिव का पर्यवेक्षक बनाया गया है। भाजपा की पूर्व सांसद भारती पवार को नंदूरबार, धुलिया शहर, धुलिया ग्रामीण, विजय चौधरी को नाशिक शहर, नाशिक उत्तर, नाशिक दक्षिण और मालेगांव का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
Created On :   18 April 2025 8:12 PM IST