- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अबू धाबी में खुल गया जीवंत कला का...
पर्यटन: अबू धाबी में खुल गया जीवंत कला का एक ब्रह्मांड, तेल राजस्व का विकल्प खोजने में सफलता

- तेल राजस्व का विकल्प खोजने में सफल रहा अबू धाबी
- अबू धाबी में खुल गया जीवंत कला का एक ब्रह्मांड
Mumbai News. विजय सिंह कौशिक। कभी कच्चे तेल के व्यापार पर निर्भर खाड़ी देश अब दुनियाभर के पर्यटकों के पसंदीदा स्थल बन रहे हैं। गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही दुनिया के पर्यटक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की तरफ रुख करते हैं। रोजगार के लिए भारतीयों में दुबई पसंदीदा जगह है लेकिन सैर सपाटे के लिए भी यह इलाका अब भारतीयों को खूब पसंद आ रहा है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अबू धाबी के यास आइलैंड पर मनोरंजन की नई दुनिया बसाई है। शुक्रवार को इसमें एक और ‘अद्भुत दुनिया' जुड़ गई। जापान द्वारा तैयार टीम लैब फेनोमेना में कलाकृतियों की ऐसी दुनिया बसाई गई है जहां पहुंचकर एक अलग ब्रह्माण्ड की यात्रा का अनुभव होता है। यह जगह आपको अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव कराएगी। यह दुनिया में अपनी तरह का पहला निर्माण है।
टीमलैब फेनोमेना अबू धाबी की परिकल्पना विश्वस्तरीय टीमलैब द्वारा बनाई गई है। इसे 18 अप्रैल को आम लोगों के लिए खोला दिया गया। दरअसल टीमलैब 2001 में स्थापित एक अंतरराष्ट्रीय कला समूह है। टीमलैब फेनोमेना के संस्थापक तोशियोकी इनोका कहते हैं कि ये कलाकृतियां पर्यावरण द्वारा बनाई गई हैं। टीम लैब फेनोमिना में कलाकृतियों का अस्तित्व पर्यावरण द्वारा निर्मित होता है। वातावरण परिघटनाओं का सृजन करता है।
तेल राजस्व का विकल्प खोजने में सफल रहा अबू धाबी
तेल राजस्व पर निर्भरता कम करने के लिए अबू धाबी हाल के वर्षों में पर्यटन को बढ़ावा देने में जुटा है और इस कार्य में सफल भी दिखाई दे रहा है। यास आइलैंड पर बनाए गए सी वर्ल्ड व फेरारी वर्ल्ड दुनियाभर के लोगों को खूब पसंद आ रहा है। अपने गर्म तापमान के लिए पहचाने जाने वाले अबू धाबी के सी वर्ल्ड में तो अंटार्कटिका तैयार किया गया है। जहां माइनस जीरो तापमान पर करीब 200 पेंग्विन धमाचौकड़ी मचाते दिखाई देते हैं। जिसे देखकर पर्यटक खुद के अंटार्कटिका में खड़े होने का अहसास करते हैं। यूएई में 2024 के दौरान 18.72 मिलियन अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पहुंचे। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 9 प्रतिशत अधिक थी। अबू धाबी भारतीयों को भी खूब भा रहा है। 2025 में भारतीय पर्यटकों द्वारा अबू धाबी के लिए की गई बुकिंग में 146 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस खाड़ी देश में पर्यटन बढ़ने का लाभ भारत को भी हो रहा है। यहां आतिथ्य सत्कार उद्योग में बड़ी संख्या में भारतीयों को रोजगार मिल रहा है। दुबई चैंबर के अध्यक्ष व सीईओ मोहम्मद अली रशीद की माने तो भारतीय कंपनियां अब दुबई में विदेशियों की ओर से चलाए जा रहे कारोबार में पहले नंबर पर हैं। अबू धाबी पर्यटन विभाग ने यास आइलैंड को भारतीय पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए बॉलीवुड की तिकड़ी रितिक रोशन, अभय देओल व फरहान अख्तर को शामिल कर जिंदगी को यस बोल अभियान शुरू किया है। बॉलीवुड की यह प्रसिद्ध तिकड़ी फिल्म जिंदगी ना मिलेगी दोबारा के बाद पहली बार एक साथ आ रही है।
Created On :   18 April 2025 8:01 PM IST