Mumbai News: नवजातों की बिक्री - कोलकाता से महिला डॉक्टर गिरफ्तार, दो बच्चे बरामद

नवजातों की बिक्री - कोलकाता से महिला डॉक्टर गिरफ्तार, दो बच्चे बरामद
  • बाल बिक्री नेटवर्क से खरीदा था बच्चा
  • कोलकाता से महिला डॉक्टर गिरफ्तार
  • दो बच्चे बरामद

Mumbai News. विभिन्न राज्यों में चल रहे बाल बिक्री के अंतरराज्यीय गिरोह की जांच में वडाला टीटी पुलिस ने कोलकाता से एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। हुगली से गिरफ्तार डॉ. रश्मि बैनर्जी (43) के पास से पुलिस ने दो बच्चों को बरामद किया है। वडाला टीटी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला पर बाल बिक्री नेटवर्क से बच्चों को खरीदने और उनसे क्रूरता करने का आरोप है। आरोपी ने कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया का पालन किए बिना बच्चों को खरीदा था। आरोपी डॉक्टर ने दोनों बच्चों जिसमें लड़की के लिए 4 लाख और लड़के के लिए 1.80 लाख रुपए दिए थे।

बच्चा बिक्री के अंतरराज्यीय रैकेट का अगस्त 2024 में पर्दाफाश हुआ था। जिसमें पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें चेंबूर की आशा पवार, आसमां शेख और एक अन्य आरोपी अनिल गणेश पुरवैया का समावेश है। जबकि शरीफ शेख फरार है। आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दो बच्चे ओडिशा की रहने वाली एक महिला के पास हैं। इसके बाद पुलिस ओडिशा पहुंची। लेकिन महिला वहां नहीं मिली। इसके बाद पश्चिम बंगाल के हुगली के उत्तरपारा से आरोपी डॉ. रश्मि के पास पहुंची पुलिस ने दो बच्चों को बरामद किया। जिनके शरीर पर चोट के निशान थे।

बरामद किए गए लड़के की उम्र 2 साल 8 महीना और लड़की की उम्र 4 साल है। लड़की को कोलकाता में बाल कल्याण समिति की देखरेख में रखा गया है। जबकि लड़के को वापस मुंबई लाया गया है और उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जोन 4 की पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर ने बताया कि आरोपी महिला ने बच्ची को 4 लाख रुपए में तब खरीदा था, जब वह सिर्फ एक महीने की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि लड़के को अक्सर भूख लगती थी और वह खाना मांगता था, जिससे वह चिढ़ जाती थी और पीट देती थी। लड़के का इलाज चल रहा है और वह अपने दादा की देखभाल में खुश है।

Created On :   18 April 2025 9:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story