- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मेन मार्केट में गुलजार रहता है...
मेन मार्केट में गुलजार रहता है हुक्का पार्लर, पुलिस ने 10 युवकों को दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सदर क्षेत्र में लिंक रोड पर एक होटल के पीछे चल रहे हुक्का पार्लर पर छापा मारकर पार्लर से 10 युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस दस्ते ने पॉट, हुक्का नली, तंबाकू के पैकेट और अन्य सामग्री सहित करीब 20 हजार का माल जब्त किया। सदर के वरिष्ठ थानेदार महेश बंसोडे ने बताया कि हुक्का पार्लर राजू उपरे नामक व्यक्ति संचालित कर रहा था। कार्रवाई रात करीब 8.30 बजे की गई। इसके पहले इस जगह पर उपायुक्त साहू के दस्ते ने दो बार छापामार कार्रवाई का प्रयास किया था, लेकिन कार्रवाई सफल नहीं हो पाई थी। कार्रवाई क्षेत्र की पुलिस उपायुक्त विनीता साहू के आदेश पर की गई।
उन्होंने कहा कि, क्षेत्र में हुक्का पार्लर चलाने वालों पर छापामार कार्रवाई शुरू रहेगी। जो आरोपी कार्रवाई के दौरान बखेड़ा खड़ा करने की कोशिश करते हैं, उनके खिलाफ अन्य धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया है कि अपना समय हुक्का पार्लर में बर्बाद करने के बजाए अपना भविष्य संवारने में लगाएं। राज्य में हुक्का पार्लर पर पाबंदी है। शहर में कई स्थानों पर चोरी छिपे हुक्का पार्लर चलाए जा रहे हैं। अंबाझरी, फुटाला, सदर, लिंक रोड, बजाजनगर, सीताबर्डी, जरीपटका और गणेशपेठ में कुछ जगह पर हुक्का पार्लर चल रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले पुलिस उपायुक्त विनीता साहू ने सदर थानांतर्गत लिंग रोड पर बार्बी-क्यू रेस्ट्रो के पीछे परिसर में "ठिकाना" नामक हुक्का पार्लर के संचालित होने की जानकारी मिली थी।
उन्होंने दस्ते को जानकारी दी। ठिकाना पार्लर में दिन भर युवक- युवतियों का जमघट लगा रहता है। यहां पर स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भी हुक्का का शौक फरमाने आते हैं। इन दिनों बारिश के मौसम में यह शौक पालने वाले युवा बड़ी संख्या में यहां आ रहे थे। विद्यार्थियों और युवाओं की भीड़ देखने के बाद गुरुवार को पुलिस उपायुक्त के दस्ते ने छापा मारा। छापा मारते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने 10 युवकों को धरदबोचा। हुक्का पार्लर के मालिक और प्रबंधक को भी हिरासत में लिया है।
Created On :   9 Aug 2019 1:26 PM IST