- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- शिवसेना और भाजपा के बीच दोबारा...
शिवसेना और भाजपा के बीच दोबारा गठजोड़ संभव नहीं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना सांसद संजय राऊत ने कहा कि शिवसेना और भाजपा के बीच पर्दे के पीछे समझौता होने की अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है। शिवसेना और भाजपा के बीच दोबारा गठजोड़ की संभावना भी नहीं है। उन्होंने कहा कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस तीनों दलों की महाविकास आघाड़ी ही महाराष्ट्र की राजनीति का भविष्य होगी। तीनों दलों का गठबंधन अगले 25 सालों तक कायम रहेगा। रविवार को शिवसेना के मुखपत्र सामना के साप्ताहिक स्तंभ रोखठोक में राऊत ने कहा कि बीमारी के लंबे समय बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बीते 23 जनवरी को शिवसैनिकों को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा के ढोंग और नकली हिंदुत्व पर जोरदार हमला बोला था।
मुख्यमंत्री के भाषण से साफ हो गया कि महाविकास आघाड़ी ही महाराष्ट्र की राजनीतिक भविष्य होगी। राऊत ने कहा कि मुख्यमंत्री के भाषण के बाद शिवसेना और भाजपा के बीच पर्दे के पीछे बातचीत चलने और भविष्य में दोनों दलों के दोबारा साथ आने की अफवाहों पर पूर्णविराम लग गया है। राऊत ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति अब पूरी तरह बदल चुकी है। महाविकास आघाड़ी का गठबंधन अगले 25 साल तक बना रहेगा। दूसरी ओर राऊत के इस बयान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया।
Created On :   30 Jan 2022 6:31 PM IST