- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- एनसीपी विधायक वडकुते भाजपा में...
एनसीपी विधायक वडकुते भाजपा में शामिल, मुंबई कांग्रेस उपाध्यक्ष चित्रसेन ने छोड़ी पार्टी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच दलबदल का सिलसिला जारी है। विधानसभा चुनाव के मतदान के महज छह दिन पहले भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को फिर से झटका दिया है। भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक रामराव वडकुते को अपने पाले में कर लिया है। सोमवार को विधान परिषद के सदस्य पद से इस्तीफा देकर वडकुते भाजपा में शामिल हुए। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील की मौजूदगी में वडकुते ने पार्टी में प्रवेश किया। वडकुते 7 जून 2014 को विधान परिषद के लिए निर्वाचित हुए थे। विधान परिषद में वडकुते का कार्यकाल 6 जून 2020 को खत्म होने वाला था। लेकिन उन्होंने करीब 9 महीने पहले विप से इस्तीफा दे दिया है। वडकुते आघाड़ी सरकार में अहिल्यादेवी होलकर बकरी- भेड़ (शेली- मेंढी) विकास महामंडल के अध्यक्ष थे। मराठवाड़ा के परभणी के निवासी वडकुते की पहचान राष्ट्रवादी कांग्रेस में धनगर समाज के नेता के रूप में थी।
मुंबई कांग्रेस उपाध्यक्ष चित्रसेन सिंह ने पार्टी छोड़ी
उधर विधानसभा चुनाव के लिए अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं लेकिन कांग्रेस पार्टी नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष चित्रसेन सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। गत 30 वर्षों से कांग्रेस के पदाधिकारी रहे सिंह ने पार्टी पर दिशाहिन होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले का समर्थन न कर कांग्रेस ने बड़ी गलती की है। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी व मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि पार्टी की इस विचारधारा में मैं व्यथित हूं। इस लिए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। सिंह ने पिछले दिनों मुंबई कांग्रेस की बैठक में उत्तरभारतीय नेताओं को उम्मीदवारी न दिए जाने को लेकर नाराजगी जताई थी। सूत्रों के अनुसार सिंह जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे।
Created On :   15 Oct 2019 6:21 PM IST