- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फेसबुक फ्रेंड ने किया रेप, आरोपी...
फेसबुक फ्रेंड ने किया रेप, आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। फेसबुक फ्रेंड के बीच धोखाधड़ी के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। बावजूद इसके लोग इसके जाल में फंसते रहते हैं ऐसा ही एक वाकया और सामने आया। जिसमें फेसबुक पर दोस्ती और प्रेम संबंध स्थापित होने के बाद मामला दुष्कर्म तक जा पहुंचा। आरोपी नागपुर का डॉक्टर है, जबकि पीड़िता भोपाल की है और वैद्यकीय क्षेत्र में कार्यरत है।
मामला इस प्रकार है
जानकारी के अनुसार यशोधरा नगर के वरिष्ठ थानेदार प्रदीप रायन्नावार ने बताया कि वर्ष 2017 की बात है। भोपाल, मध्यप्रदेश की 29 वर्षीय युवती भी मेडिकल क्षेत्र से ही जुड़ी हुई है। फेसबुक पर नागपुर के डॉक्टर सुमित महादुशिंदे (25) से उसकी दोस्ती हुई। दोनों चैटिंग करने लगे। दोनों के बीच फोन पर बात होने लगी। धीरे-धीरे दोनों में प्रेमसंबंध स्थापित हो गया। इस बीच, सुमित ने युवती को मिलने के लिए नागपुर बुलाया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह नागपुर आई, तो सुमित उसे अपने घर ले गया और परिवार से दोस्त के रूप में परिचय कराया। उसके बाद मौका पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
शादी के बाद पति के साथ जाकर दी रिपोर्ट
बताया जाता है कि इस घटना के दूसरे दिन ही पीड़िता वापस भोपाल चली गई। सुमित ने माफी मांगते हुए उससे शादी करने का झांसा दिया। वर्ष 2018 में युवती ने सुमित को शादी करने के लिए कहा, तो उसने इनकार कर दिया। उसके बाद पीड़िता ने परिजनों की पसंद से विवाह कर लिया, लेकिन दुष्कर्म की घटना उसे परेशान करती रही। लिहाजा, शादी के बाद भी वह काफी तनाव में थी। अंतत: उसने यह बात अपने पति को बताई। पति ने उसका साथ देते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। पति का सहयोग मिलने पर पीड़िता ने भोपाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। नागपुर का मामला होने से भोपाल पुलिस ने मामले को यशोधरा नगर थाने को भेज दिया। अब नागपुर की पुलिस जांच कर रही है।
Created On :   15 May 2019 12:15 PM IST