- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मोहन प्रकाश जैसों के कारण कांग्रेस...
मोहन प्रकाश जैसों के कारण कांग्रेस का हुआ नुकसान - चांदूरकर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद में कांग्रेस के सदस्य जनार्दन चांदूरकर ने महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व प्रभारी मोहन प्रकाश पर निशाना साधा है। शनिवार को सदन के सदस्यों की विदाई प्रस्ताव पर बोलते हुए चांदूरकर ने कहा कि मैं मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष बना था। उसके बाद मुझे विधान परिषद भेजने का फैसला किया गया लेकिन मोहन प्रकाश ने मुझे विधान परिषद में भेजने का विरोध किया था क्योंकि मैं उनके गुट का नहीं था। लेकिन मैंने साहस दिखाया और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष रहते मोहन प्रकाश के आदेश का पालन नहीं किया। वह गुटबाजी करते थे। इस कारण मैं उनकी सुनता नहीं था। मैं सदन में यह बात स्पष्ट कह रहा हूं। मोहन प्रकाश जैसे लोगों के कारण ही कांग्रेस का नुकसान हुआ है।
सेवानिवृत्त हो रहे विप सदस्य चांदूरकर ने सदन में कि अपने ही दल के नेता की आलोचना
चांदूरकर ने कहा कि मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर जब मेरी नियुक्ति हुई तो इसकी जानकारी महाराष्ट्र कांग्रेस के किसी नेता को नहीं थी। मुझे सीधे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने फोन किया था। उन्होंने मुझ से कहा कि आपको मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है लेकिन यह बात आप अपने तक रखिएगा। उन्होंने कहा कि मैं विदेश जा रही हूं। मेरे विदेश जाने के बाद इसकी घोषणा होगी।इसके बाद सोनिया जब विदेश दौरे पर गई तब महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण को मेरी नियुक्ति के बारे में पता चला। तब तक मैंने चव्हाण को नियुक्ति की बात नहीं बताई थी।
Created On :   15 March 2020 3:06 PM IST