- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- खराब मौसम से उड़ानें लगातार ...
खराब मौसम से उड़ानें लगातार प्रभावित, आधा दर्जन विमान देरी से पहुंचे

डिजिटल डेस्क,नागपुर। बिगड़े मौसम का असर विमानों की उड़ानों पर होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को आधा दर्जन विमान नागपुर एयरपोर्ट पर देरी से लैंड हुए। मुंबई से सुबह 7.20 बजे आनेवाला एयर इंडिया का विमान 46 मिनट देरी से पहुंचा। गो एयर का अहमदाबाद से आनेवाला विमान 19 मिनट देरी से व इंडिगो के मुंबई से दोपहर व शाम को आनेवाले विमान क्रमश: 16 व 21 मिनट विलंब से नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुए। गो एयर का रात 8.55 बजे आनेवाला विमान 38 मिनट व रात 11.45 बजे आनेवाला विमान 45 मिनट देरी से पहुंचा।
इधर मुंबई लाइन की ट्रेनें प्रभावित
नागपुर बारिश के कारण मुंबई लाइन की गाड़ियां प्रभावित हो रही हैं। नागपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना 70 से अधिक गाड़ियां नागपुर से होकर मुंबई की ओर आती-जाती हैं। गत कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण ट्रेनें मुंबई तक नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्हें पहले ही रोका जा रहा है। ट्रेन नंबर 12860 हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस को 3 सितंबर को मुंबई नहीं पहुंच पाई थी। इस गाड़ी को नाशिक रोड पर रोका गया था। 12106 गोंदिया-मुंबई विदर्भ एक्सप्रेस को 4 सितंबर को मुंबई के पहले भुसावल में ही खत्म किया गया। वहीं मुंबई से चलनेवाली इसी गाड़ी को भुसावल से चलाया गया। ट्रेन नंबर 18029 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-शालीमार एक्सप्रेस अपने निर्धारित स्टेशन से न चलते हुए ईगतपुरी से चलाई जाएगी।
मुंबई से चलनेवाली 12859 मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस को मुंबई से नहीं चलाते हुए नाशिक रोड से चलाया जाएगा।
इन्हें चलाया देरी से
ट्रेन नंबर 12261 मुंबई-हावड़ा एसी दुरंतो एक्सप्रेस को 4 सितंबर को मुंबई से न छोड़ते हुए 5 सितंबर को अपने निर्धारित समय से 6 घंटे देरी से निकाले जाने की खबर है। इसी तरह 12289 मुंबई-नागपुर दुरंतो एक्सप्रेस 4 सितंबर को मुंबई से निकलनी थी, लेकिन बारिश के कारण इसे 5 सितंबर को अपने समय से 6 घंटे 40 मिनट देरी से छोड़े जाने की जानकारी दी गई।
Created On :   6 Sept 2019 12:22 PM IST