- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- खराब मौसम का असर - दिल्ली नागपुर...
Nagpur News: खराब मौसम का असर - दिल्ली नागपुर विमान सेवा प्रभावित, दो उड़ानें हुई लेट

- उत्तर भारत में खराब मौसम
- दिल्ली से नागपुर आने वाली उड़ान सेवाएं प्रभावित
- शहर में दिन भर धूप, शाम को हवाएं चलीं
Nagpur News. उत्तर भारत में खराब मौसम के कारण शनिवार को भी दिल्ली से नागपुर आने वाली उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं। इंडिगो की दो उड़ानें घंटों देरी से नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची, जबकि रात 8.25 बजे की एयर इंडिया की उड़ान निर्धारित समय पर आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिन से उत्तर भारत में मौसम काफी खराब है। धूल भरी आंधी के साथ बारिश भी हो रही है, ऐसे में नई दिल्ली से देश भर में उड़ान सेवा प्रभावित हुई है। दिल्ली से नागपुर के लिए 3 उड़ानें संचालित होती हैं, जिनमें से 2 का संचालन इंडिगो एयरलाइन्स और 1 का संचालन एयर इंडिया द्वारा किया जाता है। शनिवार को दोपहर 4 बजकर 30 मिनट पर नागपुर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 2214 ने 3 घंटे देरी से उड़ान भरी। यह विमान रात 9.15 बजे नागपुर पहुंचा। उसी प्रकार रात 7 बजे नागपुर के लिए उड़ान भरने वाले इंडिगो 6ई 6265 क्रमांक के विमान ने 1 घंटा 15 मिनट देरी से रात 8 बजकर 15 मिनट पर रवाना हुआ। यह विमान रात करीब 10 बजे नागपुर पहुंचा। एयर इंडिया के विमान एआई 465 ने अपने निर्धारित समय पर उड़ान भरी।
मौसम... दिन भर धूप, शाम को हवाएं
उधर शहर की बात करें तो मौसम के करवट लेने से दिन का मिजाज बिगड़ गया। सुबह से दोपहर तक गर्मी और शाम को हवा के साथ बंूदाबांदी ने दिनचर्या को प्रभावित किया। पिछले चार-पांच दिन से रोजाना कुछ इसी तरह का मौसम बन रहा है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश या तूफान की संभावना जताई है। विदर्भ के चंद्रपुर, गड़चिरोली, जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज चमक, तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति तक) की संभावना है। 16 अप्रैल तक मौसम इसी तरह रहने के संकेत हैं। शनिवार को भी दिन भर गर्मी और शाम को हवाएं चलने से कुछ राहत तो मिली, लेकिन मौसम बिगड़ने से अफरा-तफरी का माहौल भी रहा। मौसम में आए बदलाव से तापमान में कमी दिखी। अधिकतम 41.1 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सिअस दर्ज किया गया।
दक्षिण के कुछ हिस्सों में बिजली रही गुल
मौसम बिगड़ने के साथ बिजली भी आंख-मिचौली खेलने लगी है। आए दिन कहीं न कहीं बिजली गुल होने की शिकायतें आ रही हैं। शनिवार को दक्षिण नागपुर के न्यू सुभेदार ले आउट सहित अनेक इलाकों में बिजली गुल होने की शिकायत मिली। एक घंटे से अधिक समय तक बिजली बंद रहने का दावा किया गया। हालांकि महावितरण के अधिकारी ऐसी किसी घटना से इनकार करते दिखे। अधिकारियों ने दावा किया कि शनिवार को कहीं से भी बिजली बंद होने की शिकायत नहीं आयी है।
Created On :   13 April 2025 9:16 PM IST