- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- किसानों के 13.88 लाख खातों में 9035...
किसानों के 13.88 लाख खातों में 9035 करोड़ जमा, छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर औरंगाबाद एयरपोर्ट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महात्मा जोतिराव फुले किसान कर्जमुक्ति योजना की दूसरी सूची जारी होने के बाद पिछले पांच दिनों में 15 लाख 45 हजार किसानों का प्रमाणीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इनमें से 13 लाख 88 हजार खातों में सरकार ने 9035 करोड़ रुपए जमा करा दिए हैं। राज्य सरकार ने गुरूवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सहकारिता विभाग को निर्देश दिए हैं कि किसानों की शिकायतों को तुरंत हल किया जाए। सहकारिता विभाग की प्रधान सचिव आभा शुक्ला ने बताया कि सभी जिलों में जिला प्रशासन ने लाभान्वित किसानों के नामों की सूची प्रकाशित की है और आधार प्रमाणीकरण का काम किया जा रहा है। राज्य के सभी जिलों में यह कार्यवाही युद्ध स्तर पर की जा रही है। हर जिले में स्थित आपले सरकार सेवा केंद्रों और बैंकों की शाखाओं में आने वाले किसानों का प्रमाणीकरण दो से तीन मिनट में हो रहा है इससे किसान भी खुश और उत्साहित हैं। प्रमाणीकरण के बाद किसानों के कर्ज खाते की रकम मान्य हो अथवा अमान्य उन्हें कंप्यूटर से निकली रसीद दी जाती है। प्रमाणीकरण के दौरान जिन किसानों के आधार कार्ड और कर्जखातों में दिखाई गई रकम अमान्य की गई है उस पर जिलास्तरीय समिति के जरिए तुरंत कार्यवाही की जा रही है। प्रमाणीकरण के बाद लाभार्थी किसानों के व्यापारी बैंकों में स्थित खातों में 24 घंटे में जबकि जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंकों में स्थित खातों में 48 घंटों में कर्ज की रकम जमा की जा रही है।
छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर औरंगाबाद एयरपोर्ट
राज्य की महा विकास आघाडी सरकार ने औरंगाबाद स्थित एयरपोर्ट का नामकरण छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर करने का फैसला लिया है। गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगाई गई। शिवसेना नेता व राज्य के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने ट्विट कर यह जानकारी दी। गौरतलब है कि औरंगाबाद महानगरपालिका का चुनाव समीप है। पिछले दिनों भाजपा ने औरंगाबाद का नाम बदल कर संभाजी नगर रखे जानी की मांग की थी इस पर शिवसेना के मुख पत्र सामना में भाजपा पर निशाना साधा गया था।
Created On :   5 March 2020 9:19 PM IST