रक्तदान महादान: नागपुर के जिलाधिकारी, सीपी व मनपा आयुक्त ने किया रक्तदान

  • मंडल के 10 पदाधिकारियों से रक्तदान का आह्वान
  • 1207 मंडल कर सकते 10 हजार यूनिट रक्त संकलन
  • जनता के सामने पेश की मिसाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर । लोकमान्य तिलक ने सामाजिक जागरुकता के लिए गणेशोत्सव की शुरुआत की। गणेशोत्सव मंडलों ने भी इस दौरान सामाजिक कार्य करना चाहिए। रक्तदान जैसे जीवनदायी कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। ऐसा आह्वान जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर ने किया। उन्होंने कहा की नागपुर शहर में 1207 गणेश मंडलों ने पंजीयन कराया है।

हर मंडल के 10 पदाधिकारियों ने रक्तदान किया तो 10 हजार यूनिट से अधिक रक्त संकलन हो सकता है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, मनपा के संयुक्त तत्वावधान में वीआईपीएल का राजा गणेशोत्सव मंडल गायत्रीनगर में रक्तदान शिविर अायोजित किया गया। शिविर में पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल, मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीन चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त आंचल गोयल, मंडल के श्रेयस उगेमुगे ने रक्तदान किया। बीते 22 अगस्त को गणेशोत्सव को लेकर आयोजित बैठक में मंडलों ने रक्तदान अभियान का निर्णय लिया था। इसका शुभारंभ सोमवार को हुआ। शिविर के लिए एक निजी ब्लड बैंक ने सह्योग किया।

पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल ने कहा कि गणेशोत्सव को आनंदोत्सव के रुप में मनाया जाना चाहिए। इस दौरान सभी मंडलों ने कानून व व्यवस्था का पालन करना जरुरी है। उत्सव के दौरान असामाजिक गतिविधियां व अप्रिय घटनाएं ना हो, इसके प्रति मंडलों ने अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। गणेशोत्सव मंडल शांतिमय माहौल में पूरी जिम्मेदारी के साथ गणेशोत्सव मनाएंगे, ऐसा विश्वास डॉ. सिंगल ने व्यक्त किया।

मंडलों के सह्योग से खत्म होगी किल्लत : नागपुर में विदर्भ समेत मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना आदि राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। असंख्य मरीजों को आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता होती है। कई बार रक्त की किल्लत मचने से मरीजों की जान दांव पर लग जाती है। गणेशोत्सव के दौरान रक्तदान कर जीवनदायी अभियान नागपुर में शुरु किया गया है। उत्सवों के माध्यम से समाजहित के कार्यों को करना उत्सव के महत्व को कई गुना बढ़ा देता है। ऐसा उपस्थितों ने कहा। नागपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा सरकारी दफ्तरों में भी यह अभियान चलाना जरुरी है। वहां भी रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रक्त संकलन का प्रयास किया जाना चाहिए। ताकि गर्भवती महिलाएं, दुर्घटनाग्रस्त, सिकलसेल, थैलेसीमिया आदि के मरीजों को जरुरत के समय रक्त उपलब्ध हो सके। सरकारी यंत्रणा को गणेशोत्सव मंडलाें का सह्योग मिलेगा तो रक्त की किल्लत कभी नहीं होगी, ऐसा विश्वास व्यक्त किया गया। इस अवसर पर डॉ. जयश्री बानाइत, दीपाली नासरे, डॉ. त्रिलोक आदि उपस्थित थे।

Created On :   9 Sept 2024 2:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story