- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- महाराष्ट्र के पेंच कोलितमारा में...
Nagpur News: महाराष्ट्र के पेंच कोलितमारा में पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बलून बंद

- सरकार की लापरवाही से पर्यटक निराश
- टेंडर समाप्त होना बताया जा रहा कारण
Nagpur News महाराष्ट्र के पेंच कोलितमारा में पिछले तीन महीने से पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बलून की गतिविधियां बंद हैं, जिससे पर्यटक निराश हो रहे हैं। इन गतिविधियों के कारण पेंच पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। इसे बंद करने का कारण वन विभाग ने टेंडर समाप्त होना बताया है। अभी तक नया टेंडर जारी नहीं किया गया है। महाराष्ट्र में यह सुविधा केवल पेंच कोलितमारा में ही शुरू की गई थी।
वर्ष 2024 में की गई थी शुरुआत : पेंच व्याघ्र प्रकल्प 789 वर्ग किलोमीटर में फैला एक विशाल जंगल है, जहां 6 से अधिक सफारी गेट हैं। यहां हर साल हजारों पर्यटक आते हैं। पहले यहां पर्यटकों के लिए सफारी ही एकमात्र विकल्प था। ऐसे में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वर्ष 2024 में पेंच कोलितमारा में पैराग्लाइडिंग शुरू की गई थी। हजारों फीट की ऊंचाई से जंगल का विहंगम दृश्य और हॉट एयर बलून की सैर पर्यटकों को खूब पसंद आ रही थी। इससे वन विभाग को अच्छा-खासा राजस्व भी प्राप्त हो रहा था। एक साल में सबसे अधिक पर्यटकों ने हॉट एयर बलून की सैर की, जिसमें 400 पर्यटकों ने 300 फीट की ऊंचाई से प्राकृतिक नज़ारे और आदिवासियों की जीवनशैली को देखा। इसके अलावा, पैरामोटरिंग भी इतनी ही ऊंचाई से पेंच की पहाड़ियों और नदियों के दर्शन कराती थी।
10 लाख से अधिक की हुई आय : ज़ोरबिंग बॉल और एटीवी राइड जैसी गतिविधियां भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही थीं। इन गतिविधियों से प्रशासन को 10 लाख रुपए से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ था। ग्रीष्म काल पर्यटकों के लिए सबसे अच्छा समय होता है, क्योंकि इस दौरान छुट्टियां होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ती है। इसके बावजूद, दिसंबर से अब तक इन गतिविधियों को बंद रखना सभी के लिए समझ से परे है। पर्यटकों का कहना है कि अब यहां आने पर केवल निराशा ही हाथ लग रही है।
टेंडर समाप्त हो गया है : वन विभाग ने टेंडर समाप्त होने के बाद इन गतिविधियों को बंद किया है। अभी तक नया टेंडर जारी नहीं किया गया है, इसलिए इन्हें बंद रखा गया है। - नीलेश धुर्वे, पैरामोटरिंग फ्लायर
Created On :   18 April 2025 1:05 PM IST