- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नाराज नाना पटोले को नहीं मिल रहा...
Nagpur News: नाराज नाना पटोले को नहीं मिल रहा बड़े फैसलों पर वरिष्ठों का साथ

- जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के मामले में पटोले की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है
- दावा : दो सप्ताह से गुप्त बैठकों का दौर
Nagpur News कांग्रेस में नाराज पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले को वरिष्ठ नेताओं का साथ नहीं मिल रहा है। बुधवार को उनकी नाराजगी चर्चा में रही। गुरुवार को कुछ सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद वे मुंबई में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए। दावा किया जा रहा है कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के मामले में पटोले की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। विशेषकर विदर्भ में संगठनात्मक कार्य नियोजन में उनकी सहमति अनिवार्य कराई जाएगी।
प्रदेश प्रभारी को दी जानकारी : खबर है कि पटोले ने लगभग दो सप्ताह से अपने समर्थक पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की हैं। दबाव की राजनीति के अलावा वैकल्पिक स्थिति के बारे में भी विमर्श किया जा रहा है। बुधवार को शहर में कांग्रेस की सदभावना सभा में पटोले शामिल नहीं हुए थे। पटोले ने पार्टी में नाराजगी का संकेत दिया था। हालांकि पटोले समर्थकों ने दावा किया कि अन्य कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण पटोले सदभावना यात्रा में शामिल नहीं हो पाए, लेकिन कांग्रेस में ही कुछ पदाधिकारियों ने प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला को पटोले की नाराजगी की जानकारी दी। दो सप्ताह तक होटल व रेस्टोरेंट में पटोले की गुप्त बैठकों की जानकारी दी। लिहाजा बुधवार को ही पटोले को पार्टी की ओर से सूचना दी गई कि वे मुंबई में प्रदर्शन कार्यक्रम में अनिवार्य तौर से शामिल हों।
उचित समय पर होगी चर्चा : पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, विधान परिषद में कांग्रेस के गटनेता सतेज पाटील, चंद्रपुर की सांसद प्रतिभा धानाेरकर, चंद्रकांत हांडाेरे, यशोमति ठाकुर, नितीन राऊत की उपस्थिति में पटोले को पार्टी की ओर से समझाइस दी गई। उचित समय पर पटोले की नाराजगी के विषय पर निर्णायक चर्चा करने का भरोसा दिलाया गया। साथ ही यह आश्वस्त किया गया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के निर्देशों का पालन करना ही होगा। इस संपूर्ण मामले को लेकर दो दिन बाद दिल्ली में वरिष्ठ स्तर पर बैठक कराने की तैयारी चल रही है। नाराजगी के संबंध में पटोले के बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन फोन पर उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
Created On :   18 April 2025 12:04 PM IST