Nagpur News: उइके ने कहा - सुराबर्डी में बनेगा भव्य गोंडवाना आदिवासी सांस्कृतिक संग्रहालय

उइके ने कहा - सुराबर्डी में बनेगा भव्य गोंडवाना आदिवासी सांस्कृतिक संग्रहालय
  • 30 मई से पहले सभी प्रक्रियाएं पूरी करें
  • जून में होगा काम शुरू

Nagpur News. आदिवासी विकास मंत्री अशोक उइके ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना और पहल से आदिवासी समुदाय की संस्कृति को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने के लिए सुराबर्डी में भव्य गोंडवाना आदिवासी सांस्कृतिक संग्रहालय की स्थापना की जाएगी। यह संग्रहालय लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। मंत्री अशोक उइके ने एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से इस परियोजना की समीक्षा की आैर सभी प्रक्रियाएं 30 मई से पहले पूरी करने को कहा। जून महीने में इस काम की प्रत्यक्ष शुरुआत होने की उम्मीद है।

इस संग्रहालय के माध्यम से आदिवासी संस्कृति का दर्शन हो सकेगा। संग्रहालय में 45 विभिन्न जनजातीय जातियों के सांस्कृतिक, सामाजिक और पारंपरिक पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। यह संग्रहालय भावी पीढ़ियों को आदिवासी संस्कृति की विरासत को समझने और संरक्षित करने के लिए प्रेरित करेगा। मंत्री श्री. उइके ने कहा कि इस संग्रहालय के निर्माण के लिए निधि की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संग्रहालय में गोंड, भील, कोलाम, कोरकू, वारली, महादेव कोली, कातकरी, पारधी सहित विभिन्न आदिवासी जातियों के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। इस संग्रहालय में स्वतंत्रता संग्राम में इन समुदाय के सदस्यों द्वारा दिए गए योगदान, इतिहास, रीति-रिवाजों, परंपराओं, नृत्य, संगीत, कला और आभूषणों को रेखांकित किया जाएगा।

प्रस्तुतीकरण के दौरान आदिवासी विकास विभाग की अतिरिक्त आयुक्त आयुषी सिंह, आदिवासी विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता उज्ज्वल डाबे, संयुक्त आयुक्त बबीता गिरि, प्रकल्प अधिकारी नितिन इसोकार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

संग्रहालय पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर

संग्रहालय को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया जाएगा। संग्रहालय के निर्माण के दौरान रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पर्याप्त वृक्षारोपण, सौर ऊर्जा और एआई प्रौद्योगिकी के उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि भवन निर्माण के लिए सावनेर स्टोन पत्थर का मुख्य रूप से उपयोग किया जाएगा।

Created On :   18 April 2025 7:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story