Nagpur News: शिवसेना की संगठनात्मक रचना बदलेगी, होगा एक शहर प्रमुख

शिवसेना की संगठनात्मक रचना बदलेगी, होगा एक शहर प्रमुख
  • महानगर संपर्क प्रमुख पद के लिए नामों पर विचार
  • संगठन पुनर्गठन के निर्देश

Nagpur News. शिवसेना उद्धव गुट में संगठनात्मक रचना बदलेगी। शाखा प्रमुख का महत्व बढ़ाया जाएगा। शहर में दो जिला प्रमुख के बजाय एक शहर अध्यक्ष होगा। महानगर संपर्क प्रमुख पद रिक्त है। इस पद के लिए नामों पर विचार किया जा रहा है। मार्च के दूसरे सप्ताह में महानगर संपर्क प्रमुख तय कर लिया जाएगा। उद्धव ठाकरे ने संगठन पुनर्गठन के निर्देश दिए हैं। संकेत दिये गए हैं कि इस बार संगठन में पदाधिकारी चयन में समाज प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा जाएगा।

तय नहीं हो पाया नाम

शिवसेना महानगर संपर्क प्रमुख दुष्यंत चतुर्वेदी ने शिवसेना शिंदे गुट में प्रवेश लिया है। उसके बाद से संगठन में पुनर्गठन की चर्चा चल रही है। इस बीच मुंबई में उद्धव ठाकरे, संजय राऊत, विनायक राऊत, अंबादास दानवे की उपस्थिति में बैठक हुई। बैठक में महानगर प्रमुख प्रमोद मानमोडे, महानगर प्रमुख किशोर कुमेरिया, विशाल बरबटे, सागर डबरासे व अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। महानगर संपर्क प्रमुख पद के लिए कुछ नामों पर प्रमुखता से चर्चा हुई। बाद में विनायक राऊत के कहने पर इस विषय को लंबित रखा गया। कहा गया कि नागपुर में महानगर संपर्क प्रमुख के लिए नागपुर के पदाधिकारियों की सहमति होना चाहिए। उसके बाद नागपुर में कुछ पदाधिकारियों की बैठक हुई। लेकिन महानगर संपर्क प्रमुख के नाम पर सहमति नहीं बन पायी। अंतत: तय किया गया कि इस संबंध में पार्टी प्रमुख ही निर्णय लेंगे।

बदलेगा स्वरुप

शिवसेना के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार संगठन का स्वरुप बदलेगा। शाखा प्रमुख को महत्व दिया जाएगा। शहर व मुंबई के पार्टी नेताओं में समन्वय का संवाद का माध्यम सक्षम किया जाएगा। फिलहाल स्थिति है कि संगठन की जिम्मेदारी संभालने के लिए स्थानीय स्तर पर पदाधिकारियों की कमी है। 5 से 6 प्रमुख पदाधिकारियों में भी मतभेद है। संगठन विस्तार का कोई कार्यक्रम नहीं है। लिहाजा, संगठन कार्य की जिम्मेदारी ऐसे कार्यकर्ता को देने की योजना है जो भाजपा व कांग्रेस के विरोध में समान तौर से आक्रामक भूमिका में रहे।

Created On :   26 Feb 2025 8:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story