राजनीति गर्माने लगी: बदलापुर की घटना को लेकर महाराष्ट्र बंद का विरोध करेगा भाजपा का महिला मोर्चा

बदलापुर की घटना को लेकर महाराष्ट्र बंद का विरोध करेगा भाजपा का महिला मोर्चा
  • राज्य में अराजकता फैलने का भय
  • लाडली बहन योजना को लेकर महाविकास आघाडी में बेचैनी का आरोप
  • बंद प्रदर्शन में सहभागी नहीं होने का आवाहन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बदलापुर की घटना को लेकर राज्य में राजनीति गर्माने लगी है। कांग्रेस के नेतृत्व में महाविकास आघाड़ी ने शनिवार को महाराष्ट्र बंद का ऐलान किया है। भाजपा महिला मोर्चा ने इसके विरोध में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। आरोप लगाया जा रहा है कि राज्य में लाडली बहन योजना लागू करने से महाविकास आघाडी में बेचैनी है इसलिए भय का वातावरण बनाया जा रहा है। शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष प्रगति पाटील ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में महाविकास आघाडी की नीति का जमकर विरोध किया। पाटील ने कहा कि लाडली बहन योजना का लाभ महिलाओं को नहीं मिलने देने के लिए महाविकास आघाडी विविध प्रयास कर रही है। निराधार आरोपों के साथ राजनीति की जाने लगी है। महाराष्ट्र में अशांतता का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कोलकाता पर नहीं बोले पवार : पाटील ने कहा,राकांपा नेता शरद पवार ने कोलकाता में महिला चिकित्सक पर दुराचार के मामले पर कुछ नहीं कहा। लेकिन बदलापुर की घटना को लेकर राजनीति करने लगे हैं। पवार ने कहा है कि महाराष्ट्र की हालात मणिपुर समान हो सकती है। पवार के इस वक्तव्य से ही आशंका होने लगती है कि कहीं राज्य को अशांत करने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है।

घटना गंभीर : बदलापुर की घटना गंभीर है। राज्य सरकार ने उस घटना की दखल ली है। आरोपी को पकड़ा गया है। पुलिस कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। पीड़ित परिवार को न्याय देने के लिए फास्टट्रेक कोर्ट में प्रकरण की सुनवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया गया है। सरकार इस मामले में गंभीर है। लेकिन विपक्ष निराधार आरोप लगाकर राज्य की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।

बंद प्रदर्शन में शामिल न हो : भाजपा महिला मोर्चा ने महाराष्ट्र बंद प्रदर्शन में शामिल नहीं होने का आवाहन किया है। मोर्चा की शहर अध्यक्ष प्रगति पाटील ने कहा है कि यह बंद प्रदर्शन पूरी तरह से राजनीतिक है। महाविकास आघाडी सरकार के समय महिला उत्पीड़न के प्रकरणों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महायुति सरकार महिलाओं को न्याय व सम्मान देने का काम कर रही है। लाडली बहन योजना का भरपूर प्रतिसाद मिल रहा है।

Created On :   23 Aug 2024 10:26 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story