New Delhi News: पीएम के साथ मंच पर फडणवीस - शिंदे ने दिया ऑल इज वेल का संदेश

पीएम के साथ मंच पर फडणवीस - शिंदे ने दिया ऑल इज वेल का संदेश
  • मोदी ने खासतौर पर शिंदे से पूछा कुशलक्षेम
  • एक मिनट तक की बात
  • दिन में दो बार पीएम से मिले फडणवीस, शिंदे और अजित

New Delhi News. महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच ‘सब ठीक नहीं है', जैसी खबरें भले तैर रही हैं, लेकिन दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने एक साथ खड़े होकर ‘ऑल इज वेल’ का संदेश दिया। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजग में 'सब कुछ ठीक है', का संदेश देने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार से कुशलक्षेम पूछा। प्रधानमंत्री खासतौर पर शिंदे से संवाद करते नजर आए। दोनों नेताओं के बीच तकरीबन एक मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान फडणवीस और अजित पवार भी मुस्कुराते हुए दोनों नेताओं के बीच हो रही बातचीत सुनते नजर आए।

दरअसल, हाल ही में शिवसेना (शिंदे) के कुछ विधायकों की सुरक्षा में कटौती की वजह से शिंदे नाराज बताए जा रहे हैं। महाराष्ट्र गृह विभाग ने राज्य में वीआईपी सुरक्षा की समीक्षा के बाद शिवसेना शिंदे गुट, भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित) के विधायकों की वाई श्रेणी की सुरक्षा हटा दी है। इसके बाद से ही सियासी गलियारे में शिंदे की नाराजगी की चर्चा जोर पकड़ने लगी। इसी दौरान, नासिक में होने वाले कुंभ आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री की अलग-अलग बैठकों ने भी इन चर्चाओं को दवा देने का काम किया।

दिन में दो बार पीएम से मिले फडणवीस, शिंदे और अजित

प्रधानमंत्री के साथ महाराष्ट्र के तीनों नेताओं ने एक दिन में दो बार मंच साझा किया। शपथग्रहण समारोह से इतर प्रधानमंत्री ने भाजपा व राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री ने राज्यवार केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सभी राज्यों को केंद्रीय योजनाओं पर तेजी से अमल करने की सलाह दी।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने राजग की बैठक में सभी मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए सकारात्मक ढंग से जनहित में काम करने का सुझाव दिया। ऐसा माना जा रहा कि ये सुझाव खासतौर पर महाराष्ट्र के लिए था। मोदी ने सभी मुख्यमंत्रियों को सलाह दी कि वह केंद्रीय योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के साथ ही घोषणा पत्र में किए गए वादों को भी जमीन पर उतारने का काम करें।

दिल्ली में ‘लाडली बहन’ बनी मुख्यमंत्रीः शिंदे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले बधाई दी। उन्होंने रेखा गुप्ता से कहा कि दिल्ली में ‘लाडली बहन’ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में भी लाडली बहनों ने हमारी बहुमत से सरकार बनवाई थी। अब दिल्ली में लाडली बहन मुख्यमंत्री बन गई हैं।

Created On :   20 Feb 2025 8:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story