Nagpur News: भाजपा धर्म के नाम पर बांट रही है : चेन्निथला

भाजपा धर्म के नाम पर बांट रही है : चेन्निथला
  • दावा : मुख्यमंत्री ने हिंसा करने वालों का समर्थन किया
  • प्रायोजक कौन, यह पता है : सपकाल

Nagpur News अ. भा. कांग्रेस कमेटी के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने कहा कि कांग्रेस चाहती है, सद्भावना बनी रहे। हमारी सद्भावना यात्रा का विरोध किया गया। भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांट रही है। नागपुर ऐतिहासिक जगह है आैर यहां सब मिल-जुलकर रहते हैं। शांति व एकता के लिए अब पूरे देश में सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। चेन्निथला सद्भावना शांति यात्रा के समापन पर रजवाड़ा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मंच पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, अ. भा. कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार, सांसद श्यामकुमार बर्वे, सांसद प्रतिभा धानोरकर, विधायक डॉ. नितीन राऊत, विधायक अभिजीत वंजारी, पूर्व मंत्री सुनील केदार, पूर्व मंत्री डॉ. अनीस अहमद, पूर्व मंत्री माणिकराव ठाकरे, अतुल लोंढे, पूर्व विधायक अशोक धवड़ आदि उपस्थित थे।

सरकार निष्पक्ष नहीं : श्री चेन्निथला ने कहा कि सीएम नागपुर से हैं आैर उनके पास गृहमंत्री का भी पद है। ऐसे में खुफिया जानकारी सबसे पहले गृहमंत्री के पास पहुंचती है। खुफिया जानकारी पहंुची थी, तो एक्शन क्यों नहीं लिया गया। अगर खुफिया जानकारी नहीं पहुंची, तो संबंधित पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की। गृहमंत्री ने इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने हिंसा करने वालों का समर्थन किया। महाराष्ट्र सरकार निष्पक्ष काम नहीं कर रही। हिंसा में शामिल भाजपा व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताआें को बचाने का काम किया गया। हम शोषित, पीड़ित के साथ हैं आैर रहेंगे।

तनाव पैदा किया जा रहा : हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि नागपुर हिंसा का प्रायोजक कौन है, यह पता है। नाम बताने की जरूरत नहीं है। गुजरात में इस तरह का खेल हो चुका है। मुंबई, धारावी अदाणी को दे रहे हैं। शांतिप्रिय नागपुर की शांति भंग करने का काम किया जा रहा है। शिव, शाहू, फुले का विचार लेकर आगे बढ़ना है। मुहब्बत की दुकान खोलकर सद्भावना बढ़ानी है। आैरंगजेब का नाम लेकर तनाव पैदा किया जा रहा है। जिन लोगों ने अंंग्रेजों की मदद की, उनकी भी कब्र तोड़ने का काम करना चाहिए। चुनाव आएंगे-जाएंगे, सत्ता आएगी-जाएगी, टिकट मिलेगा या कटेगा, लेकिन सद्भावना बनी रहनी चाहिए। कुणाल चौधरी, विजय वडेट्टीवार, डॉ. नितीन राऊत, सुनील केदार, डॉ. अनीस अहमद, माणिकराव ठाकरे ने भी विचार रखे। मंच संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव अतुल कोटेचा ने किया। कार्यक्रम में एड. आसीफ कुरैशी, राजेश कुंभलकर, मनोज साबले, हर्षला साबले, श्रीकांत ढोलके, वसीम खान, एड. यशवंत मेश्राम, प्रकाश ढगे, विलास गावंडे, रवि गाडगे, आशीष दीक्षित, दिनेश बानाबाकोडे, गोपाल पट्टम, पंकज थोरात, रीमा चौहान, वंदना मेश्राम, पंकज निगोट समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

दिया शांति का संदेश : रमेश चेन्निथला व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सद्भावना शांति यात्रा शुरू करने के पूर्व दीक्षा भूमि, ताजाबाद आैर टेकड़ी गणेश मंदिर पहुंचे। तीनों जगह पहुंचकर कांग्रेस ने शांति का संदेश दिया। पांच बच्चे हिंदू, मुस्लिम, सीख, ईसाई व बौद्ध की वेशभूषा में थे। एकता व भाईचारे का संदेश दिया गया। सद्भावना शांति यात्रा में हाजी बशीर खान महात्मा गांधी की वेशभूषा में पहुंचे। यात्रा में वे आकर्षण का केंद्र रहे। कई कार्यकर्ताआें ने उनके साथ सेल्फी ली।

शिवाजी चौक से निकली: सद्भावना यात्रा प्रदेश प्रभारी रमेश चेन्निथला, प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, डॉ. अनीस अहमद, माणिकराव ठाकरे ने शिवाजी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद सद्भावना शांति यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा में लगभग दो हजार लोग शामिल हुए। सुबह 9.30 बजे निकलने वाली यात्रा सुबह 11.15 बजे निकली। यात्रा पहले शिवाजी चौक, नरसिंह टाकीज, कोतवाली चौक, बड़कस चौक, चिटणीस पार्क चौक, गंजीपेठ गांधी पुतला होते हुए रजवाड़ा पैलेस पहुंचनी थी। पुलिस ने यात्रा के रूट को कम कर दिया। इसे लेकर कांग्रेस नेताआें ने सत्ता पक्ष व पुलिस प्रशासन पर कटाक्ष किए।


Created On :   17 April 2025 11:40 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story