New Delhi News: भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, फडणवीस- बावनकुले सहित 99 नाम शामिल

भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, फडणवीस- बावनकुले सहित 99 नाम शामिल
  • भोकर से अशोक चह्वाण की बेटी को टिकट
  • तीन विधायक हुए बेटिकट
  • फडणवीस, बावनकुले सहित 99 उम्मीदवारों के नाम शामिल

New Delhi News : भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 99 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से चुनाव लड़ेंगे तो राज्य के भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी सीट से मैंदान में होंगे। पार्टी ने राज्य के वरिष्ठ मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को बल्लारपुर से, मुंबई भाजपा अध्यक्ष एड आशीष शेलार को वांद्रे पश्चिम से तो महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष एड राहुल नार्वेकर को कोलाबा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने रविवार को महाराष्ट्र के लिए पार्टी के 99 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इनमें से 13 सीटों पर आधी आबादी पर भरोसा जताया है। इसके पहले 16 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें इन नामों पर मुहर लगी थी। आज जारी सूची के मुताबिक राज्य के मंत्री गिरीश महाजन को जामनेर, चंद्रकांत पाटील को कोथरूड, मंगत प्रभात लोढ़ा को मालाबार हिल, राधाकृष्ण विखे पाटील को शिरडी, विद्या ठाकुर को गोरेगांव से उम्मीदवारी दी गई है।

भोकर से अशोक चह्वाण की बेटी को टिकट

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण की बेटी श्रीजया अशोक चह्वाण को भाजपा ने भोकर सीट से उतारा है तो एक अन्य पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे को कंकावली सीट से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने पूर्व सांसद सुभाष देशमुख को सोलापुर दक्षिण, मोहन मते को नागपुर दक्षिण, कृष्णा खोपड़े को नागपुर पूर्व, विनोद अग्रवाल को गोंदिया, समीर मेघे को हिंगणा, सुधीर गाडगिल को सांगली तो डॉ पंकज भोयर को वर्धा सीट जीतने की जिम्मेदारी दी है।

सूची में 13 महिलाओं का नाम शामिल

भाजपा ने जिन सीटों पर महिला उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है, उनमें चिखली से श्वेता महाले, भोकर से श्रीजया अशोक चह्वाण, जिंतूर से मेघना बोर्डिकर, फुलंबरी से अनुराधाताई चह्वाण, नासिक पश्चिम से सीमाताई हिरे, कल्याण पूर्व से सुलभा गायकवाड़, बेलापुर से मंदा म्हात्रे, दहिसर से मनीषा चौधरी, गोरगांव से विद्या ठाकुर, पार्वती से माधुरी मिसाल, शेवगांव से मोनिका राजले, श्रीगोंडा से प्रतिभा पाचपुते और कैज से नमिता मूंदड़ा का नाम शामिल है।

तीन विधायक हुए बेटिकट

भाजपा ने अपने तीन मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है। इसमें कामठी में टेकचंद सावरकर का टिकट काटकर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को उम्मीदवार बनाया है तो चिंचवड से अश्विनी जगताप का बेटिकट कर यहां शंकर जगताप पर भरोसा जताया है। इसी प्रकार पार्टी ने कल्याण पूर्व से गणपत गायकवाड़ का टिकट काटकर उनकी पत्नी सुलभा गायकवाड़ को उम्मीदवार बनाया है। गणपत गायकवाड़ पर शिवसेना शिंदे गुट के नेता पर गोली चलाने का आरोप है। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी।

Created On :   20 Oct 2024 2:33 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story