- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- औरंगजेब विवाद के बाद छावनी में...
Nagpur News: औरंगजेब विवाद के बाद छावनी में तब्दील नागपुर, दो गुटों में झड़प- वाहन फूंके, पुलिसकर्मी घायल

- उपराजधानी में तनाव का माहौल
- सरकार से कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन
- भालदारपुरा में एक वाहन को आग के हवाले कर दिया
- दो गुटों में झड़प- वाहन फूंके
Nagpur News. महाराष्ट्र में औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। उपराजधानी में तनाव का माहौल है। सरकार से कब्र हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। विश्व हिंदू परिषद ने औरंगजेब का पुतला फूंका था, इसके बाद हिंसा भड़क गई। सोमवार को दो गुट आमने-सामने आ गए। भालदारपुरा में एक वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसी दौरान चिटनीस पार्क चौक पर वाहन में तोड़फोड़ की गई है। अग्रसेन चौक में रोड रोलर को आग के हवाले कर दिया गया। उपराजधानी का दिल कहा जाने वाला महल इलाका छावनी में तब्दील हो चुका है। खबर है कि गुटों के विवाद के दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने हालात में पैनी नजर बनाए रखी है। आसपास के रास्तों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ऐहतियातन कुछ देर के लिए इलाके में बत्ति गुल कर दी गई थी।
पथराव होने की खबर भी सामने आ रही है। उपराजधानी देश में शांत माहौल के लिए जानी जाती है, लेकिन आज उपजे विवाद के बाद अब सुरक्षा को लेकर सवाल उठने शुरु हो गए हैं।
महल इलाके में एक गुट अचानक सड़क पर उतरा। इस दौरान आगजनी, पथराव किए जाने से कुछ महिला, पुरुष पुलिस कर्मी और होमगार्ड सहित 8-10 कर्मचारी जख्मी हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। लाठीचार्ज किया गया। दोनों गुटों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
सोमवार की दोपहर में एक संगठन ने महल इलाके में प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। उस समय एक समुदाय के नागरिकों ने प्रदर्शनकारियों का विरोध जताया। नागरिकों का कहना था कि प्रदर्शन के नाम पर धार्मिक भावना को आहत किया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल स्थिति पर नियंत्रण का प्रयास किया।
दोनों पक्ष के कार्यकर्ताओं को समझाइश दी गई थी।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तनाव बढ़ गया। दोनो गुट आमने-सामने आ गए। पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते इलाके में पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त लगा दिया गया।
इलाके में तनावपूर्ण माहौल हो गया था। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। देर रात तक परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था। तनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। सरकारी अस्पतालों के इलाके, बस स्टेशन, रेलवे स्थानक पर सुरक्षा बढ़ायी जा रही है। परिसर के स्कूलों को मंगलवार को बंद रखने का आवाहन किया जा रहा है। कई संस्था और संगठनों के प्रतिनिधियों ने शांति की अपील की है।
इन पुलिस कर्मियों के जख्मी हाेने की खबर : सूत्रों के अनुसार दोनों गुटों द्वारा पथराव किए जाने के दौरान बंदोबस्त में तैनात पुलिसकर्मी राजेश तितरमारे, उपनिरीक्षक अमित कुंभार, होमगार्ड साहिल बाजीराव व कुछ अन्य महिला व पुरुष कर्मियों सहित 8.10 कर्मचारियों के जख्मी होने की खबर सामने आई है।
शांति कायम रखे
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने शांति कायम रखने का आवाहन किया है। उन्होंने कहा है-नागपुर में कभी भी धार्मिक तनाव नहीं बढ़ा है। शांति व सौहार्द्य के मामले में नागपुर देश में पहचाना जाता है। नागरिकों से आवाहन है कि शांति कायम रखने के लिए प्रशासन काे सहयोग करे। स्वयं भी शांति बनाए रखें।
अफवाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने पुतले के साथ एक धार्मिक पुस्तक जलाई
अधिकारियों ने बताया- अफवाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने पुतले के साथ एक धार्मिक पुस्तक जलाई है। इससे दो पक्षों में पथराव हुआ। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई। दो जेसीबी में आग लगाई गई।
पुलिस ने बवाल कर रहे लोगों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं। घटना में DCP, पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा- हम लगातार पुलिस-प्रशासन के संपर्क में हैं। नागपुर एक शांतिपूर्ण शहर है। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।
Created On :   17 March 2025 9:52 PM IST