Nagpur News: त्योहारों पर ट्रेनें हुईं फुल तो आसमान छूने लगा हवाई किराया

त्योहारों पर ट्रेनें हुईं फुल तो आसमान छूने लगा हवाई किराया
  • विशेष रेलगाड़ियों की घोषणा के बाद भी कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं
  • विमान कंपनियों ने दीपावली को देखते हुए किराया बढ़ाया

Nagpur News प्रफुल नटिये. त्योहारी मौसम में रेलवे द्वारा विशेष रेलगाड़ियों की घोषणा के बाद भी कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं। एक तो राजधानी, गरीब रथ, वंदेभारत समेत कई रेलगाड़ियों में टिकट के दाम बढ़ गए हैं, ऊपर से वेटिंग 100 से अधिक है, जिसके कंफर्म होने की संभावनाएं न के बराबर ही है। ऐसे में विमान कंपनियों ने दीपावली को देखते हुए किराया बढ़ा दिया है। नागपुर से मुंबई तक की फ्लाइट टिकट 21000 रुपए में मिल रही है। दिल्ली की टिकट छह हजार रुपये से लेकर 11 हजार रुपए तक मिल रही है।

किराए में भारी उछाल : उल्लेखनीय है कि मांग और आपूर्ति से जुड़ा नियम इन दिनों विमान किराये के बाजार पर पूरी तरह लागू होता नजर आता है। त्योहारी मौसम में अधिक से अधिक लोग जल्द से जल्द अपने घर पहुंचने की चाह रखते हैं। जैसे ही मांग बढ़ी, बाजार में विमान किराए में भारी उछाल की स्थिति आ चुकी है। लक्ष्मी पूजा से एक दिन पहले 30 अक्टूबर का दिल्ली से नागपुर की फ्लाइट का किराया 16000 रुपए तक पहुंच गया है। इसी दिन मुंबई से नागपुर आने के लिए 12000 से 21000 रुपए तक चुकाने पड़ेंगे। पुणे से नागपुर का किराया 17000 रुपए तक पहुंच गया है।

बढ़ेंगे यात्री दिल्ली से नागपुर का विमान किराया आमतौर से छह हजार के आसपास रहता है लेकिन, दीपावली पर दिल्ली से आने वालों की तादाद तेजी से बढ़ने की संभावना को देखते हुए इसका किराया यकायक बढ़ा दिया गया है। 30 अक्टूबर को दिल्ली से नागपुर आने का किराया मंगलवार को 16,826 रुपए तक पहुंच गया है। मुंबई से नागपुर आने के लिए आम तौर पर 3646 रुपए किराया लगता है, लेकिन 30 अक्टूबर का किराया 20,000 रुपए तक पहुंच गया है। पुणे नागपुर फ्लाइट का किराया भी 17,000 से 18,000 रुपए तक बढ़ गया है। तीन से पांच नवंबर के बीच कोई भी दिन ऐसा नहीं है जब किराया नौ हजार से कम हो।

बुकिंग करते वक्त सावधानी बरतें यात्री सभी एयरलाइन्स कंपनियां अब ऑनलाइन बुकिंग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग कर रही हैं। यात्री िकसी डेस्टिनेशन के लिए या किसी विशेष तारीख के लिए अधिक संख्या में सर्च करते हैं तो एआई खुद ही किराया बढ़ा देता है। जिस प्रकार एयरलाइन्स कंपनियां स्मार्ट बनकर काम कर रही है, उसी प्रकार अब यात्रियों को भी स्मार्ट बनना होगा। उन्हें भी ऑनलाइन फ्लाइट सर्च करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। - इरशाद मेहंदी, ट्रैवल एजेंट

Created On :   16 Oct 2024 6:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story