Nagpur News: रिटायर्ड पुलिस अफसर ने दी हाथ-पैर तोड़ने की सुपारी, शिकायत करने जाते समय हमला

रिटायर्ड पुलिस अफसर ने दी हाथ-पैर तोड़ने की सुपारी, शिकायत करने जाते समय हमला
  • पालकमंत्री से शिकायत करने जाते समय हमला
  • आरोपी के बेटी-दामाद से परेशान था
  • मुख्य सूत्रधार सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News. पालकमंत्री से शिकायत करने के लिए जा रहे व्यक्ति पर रास्ते में जानलेवा हमला करने की घटना से खलबली मच गई। हमले का मुख्य सूत्रधार रिटायर्ड पुलिस अधिकारी है। उसने व्यक्ति को मारने की दो लोगों को सुपारी दी थी। सदर थाने में दर्ज प्रकरण में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक व्यक्ति फरार है। गिरफ्तार आरोपी रिटायर्ड पुलिस अधिकारी (उपनिरीक्षक) राजाराम पांडुरंग ढोरे (62), नागसेन सोसाइटी, मानकापुर, अब्दुल वसीम अब्दुल सलीम (41), छावनी, सदर, अनिल जेम्स चौरे (32) और अनिकेत उर्फ निक्की दिलीप बहादुरे (27), दोनों मेकोसाबाग निवासी हैं। अभय नामक आरोपी की तलाश जारी है। शिकायतकर्ता जख्मी सुरेश प्रल्हाद सोनटक्के (65), नागसेन सोसाइटी निवासी है।

जुम्बा डांस के लिए कर रखा है अतिक्रमण | सुरेश सोनटक्के बिजली विभाग से सेवानिवृत्त है। उसके घर के पास आरोपी पुलिस अधिकारी की बेटी व दामाद का घर है। उनका जुम्बा म्यूजिक डांस क्लास है। उसके लिए उन्होंने घर के पास रोड पर अतिक्रमण कर रखा है। सुरेश ने म्यूजिक क्लास के शोर शराबा और अतिकमण की शिकायत पुलिस और नागपुर सुधार प्रन्यास में की है। पहले भी इस बात को लेकर उनमें कई बार विवाद हुआ था। बेटी ने यह बात अपने पिता को बताई। 17 फरवरी को सुरेश सोनटक्के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से शिकायत करने रवि भवन में जा रहा था। लेकिन इससे पूर्व ही राजाराम ढोरे ने अपने परिचित अब्दुल और अनिल को सुरेश के हाथ-पैर तोड़ने की सुपारी दे दी। घटना के दिन जब सुरेश दोपहिया वाहन पर पालकमंत्री से मिलने के लिए घर से निकला, तो राजाराम ने हमलावरों को फोन कर इसकी सूचना दी।

उद्योग भवन के पास लाठियां बरसाईं | उद्योग भवन के पास रोड पर लाठी से लैस आरोपियों ने सुरेश पर हमला कर दिया। इस हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना की सदर थाने में शिकायत दर्ज कराइ गई थी। पुलिस ने फुटेज और गुप्त जानकारी के आधार पर अब्दुल व अनिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी द्वारा हमला करने की सुपारी देने की बात सामने आने पर राजाराम ढोरे को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वरिष्ठ निरीक्षक मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक नीलेश घोगरे जांच कर रहे हैं।

Created On :   26 Feb 2025 7:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story