- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर हिंसा - पुलिस ने मास्टरमाइंड...
Nagpur News: नागपुर हिंसा - पुलिस ने मास्टरमाइंड को धर दबोचा 200 से अधिक उपद्रवी पहचाने गए

- महिला पुलिसकर्मियों के साथ हुई थी बदसलूकी
- उकसाने वाली पोस्ट करने पर 11 को भेजा जेल
- फडणवीस बोले-आरोपियों को कब्र से भी ढूंढ़ निकालेंगे
Nagpur News. सोमवार को हुई हिंसा के मास्टरमाइंड फहीम खान समेत 5 लोगों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के दिन फहीम ने 60 कार्यकर्ताओं के साथ गणेशपेठ थाने पहुंचकर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने की लिखित शिकायत की थी। पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया था और शहर में शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की थी, लेकिन शाम होते तक सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ बातों को तूल देकर माहौल बिगाड़ दिया गया। इस प्रकरण में 200 से अधिक उपद्रवियों की पुलिस पहचान कर चुकी है। आरोपियों की धर-पकड़ के लिए क्राइम ब्रांच के 10 दस्ते सहित कुल 20 दस्ते बनाए गए हैं। हिंसा के दौरान बंदोबस्त में तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की गई थी। इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। फहीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी का शहर अध्यक्ष है। वर्ष 2024 में वह लोकसभा के चुनाव में भी खड़ा हुआ था, हालांकि उसकी जमानत जब्त हो गई थी। नागपुर में हिंसा के बाद फहीम फरार होने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि उसने हिंसा में नाबालिगों को भी झोंक दिया। नागपुर में सोशल मीडिया पर जिस पोस्ट के कारण बवाल मचा है, उस पोस्ट को डिलीट किए जाने की चर्चा है। हालांकि साइबर पुलिस और एटीएस की भी मदद ली जा रही है। राज्य में साइबर पुलिस से जुड़े 8 मामले भी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दर्ज एफआईआर के अनुसार, नागपुर में उपद्रवियों ने कैसे ‘आतंक’ मचाया, एक पुलिस अधिकारी की शिकायत पर पूरी बातें बयां की गई हैं।
650 से अधिक पर मामले दर्ज, 46 पुलिस रिमांड पर
हिंसा मामले में पुलिस का एक्शन शुरू हो चुका है। अकेले गणेशपेठ थाने में एक ही मामले में 650 से अधिक लोगों पर 57 धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। 51 नामजद आरोपी हैं। 5 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार 46 आरोपियों को 21 मार्च तक रिमांड पर भेजा गया है। गणेशपेठ, कोतवाली और तहसील में 6 मामले दर्ज हो चुके हैं। इन 6 मामले में 1200 से अधिक संदिग्धों पर कार्रवाई की गई है। -नागपुर भास्कर भी पढ़ें
उकसाने वाली पोस्ट करने पर 11 को भेजा जेल
ग्रामीण जिले के पुलिस स्टेशन खापरखेड़ा कन्हान, काटोल, कुही, कोंढाली में सोशल मीडिया पर विवादित और उकसाने वाली पोस्ट करने के 11 आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें जेल दिया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार को नागपुर में हुई हिंसक घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर उकसाने वाली पोस्ट न डालने की हिदायत भी दी थी। लेकिन कुछ लोगों ने बात नहीं मानी और भड़काऊ पोस्ट डाली। इसके बाद खापरखेड़ा थाने में शाहबाज खान, शोएब खान, कैफ सिद्दीकी, सिबतैन सिद्दीकी, तबरेज आलम मोहम्मद बी रहीम, मोहम्मद शोएब खान, आकिब मोहम्मद, मोहम्मद जीशान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसी प्रकार कन्हान पुलिस स्टेशन में अनस शेख, अर्शीद शेख व एक नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। काटोल थाने में रिहान शेख, कुही थाने में राेशन शेख व एक विधिसंघर्ष बालक और कोंढाली थाना क्षेत्र में 3 विधिसंघर्ष बालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपियों के मोबाइल को जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
फडणवीस बोले-आरोपियों को कब्र से भी ढूंढ़ निकालेंगे
मुंबई । नागपुर में हुई हिंसा की घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधानसभा में आक्रामक अंदाज में आरोपियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ लोगों ने जानबूझकर औरंगजेब की प्रतीकात्मक कब्र को जलाने का वीडियो वायरल किया था। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो जाती, वे चैन से नहीं बैठेंगे। मैंने नागपुर मामले पर पुलिस आयुक्त से चर्चा की है। आरोपियों को ढूंढ़ा जा रहा है और पुलिस पर हमला करने वालों को हम कब्र से भी ढूंढ़ निकालेंगे।
फडणवीस ने कहा कि अन्य मामलों में तो आरोपियों को माफी मिल जाएगी, लेकिन पुलिस पर हमले के मामले में कोई माफी नहीं मिलेगी। उन्होंने सूचित किया कि 17 मार्च को नागपुर के महाल इलाके में कोई भी ऐसी धार्मिक चादर नहीं जलाई गई जिसमें आयतें लिखी हुई थीं। यह सिर्फ अफवाह थी। सीएम फडणवीस ने कहा कि जिन लोगों ने भी पुलिस पर हमला किया है, उनको छोड़ा नहीं जाएगा।
-------------
Created On :   20 March 2025 5:46 PM IST