- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम...
Nagpur News: नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान का घर जमींदोज, दंगाइयों को भड़काने के आरोप में देशद्रोह का केस
- दंगाइयों से नुकसान भरपाई वसूलने की तैयारी
- महल में अब भी पुलिस तैनात
- फहीम खान का घर जमींदोज, चला बुलडोजर
Nagpur News. नीरज दुबे। हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर सोमवार को बुलडोजर चला। इसके साथ ही दूसरे आरोपी यूसुफ शेख का अवैध निर्माण भी तोड़ दिया गया है। नगर निगम ने संजय बाग कॉलोनी, यशोधरा नगर में मौजूद फहीम के मकान को हटाने 24 घंटे का समय दिया था, सोमवार को वक्त पूरा होते ही कार्रवाई को अंजाम दिया गया। फहीम का मकान उसकी पत्नी के नाम पर है। नगर निगम ने बिल्डिंग अप्रूवल में गड़बड़ी को लेकर कार्रवाई का नोटिस दिया था। आपको बतादें 17 मार्च को औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर विवाद के बाद हिंसा हुई। मास्टरमाइंड फहीम समेत 6 आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया गया। फहीम पर 500 से ज्यादा दंगाइयों को इकट्ठा करने और हिंसा भड़काने का आरोप है।
महानगरपालिका के आषीनगर जोन के सहायक आयुक्त हरीश राऊत, अतिक्रमण विभाग के अधीक्षक संजय कांबले के नेतृत्व में सोमवार सुबह 10 बजे शहर में दंगे के मुख्य आरोपी फहीम खान के संजयबाग में मौजूद घर को गिराने की कार्रवाई आरंभ की गई। रविवार सुबह प्रत्यक्ष रूप से जोन के कर्मचारियों के साथ सहायक आयुक्त ने घर मालिक के रूप में जहिरूनिसा शमीम खान को नोटिस देकर खाली करने का निर्देश दिया था। दो मंजिला मकान के पहले माले पर 43.24 वर्गमीटर क्षेत्र और दूसरे माले पर 43.24 वर्गमीटर क्षेत्र समेत 86.48 वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध निर्माणकार्य होने की जानकारी दी गई थी। मनपा प्रशासन के नोटिस मिलने के बाद रविवार रात किरायेदार समेत पूरे परिवार ने घर खाली कर दिया था।
मौके पर परिवार के सदस्यों की ओर से कोई भी मौजूद नहीं था, इतना ही नहीं किसी भी सदस्य अथवा परिसर के नागरिकों ने कोई भी विरोध नहीं किया। मनपा के विधि विभाग से इस पूरी कार्रवाई के लिए न्यायालय में कैविएट भी दायर कर रखी गई थी, ऐसे में एक रिश्तेदार की ओर से न्यायालय के स्थगन आदेश को लेकर आने पर भी अचरज जताया गया। इस रिश्तेदार की गुहार के चलते मनपा के विधि विभाग के एक अधिकारी को भी घटनास्थल पर पूरे समय रखा गया था।
क्यों है अवैध
नागपुर सुधार प्रन्यास से आर्थिक रूप से कमजाेर प्रवर्ग में लीज पर भूखंड को फहीम खान की मां जहिरूनिसा शमीम खान को आवंटित किया गया था। हालांकि निर्माणकार्य की अनुमति देने का अधिकार मनपा प्रशासन के हवाले है। इस भूूखंड की लीज साल 2020 में समाप्त हो गई है, लेकिन जहिरूनिसा शमीम खान ने लीज को नवीनीकरण नहीं कराया। वहीं दूसरी ओर मनपा से भूखंड पर दो मंजिला मकान निर्माणकार्य के लिए अनुमति भी नहीं ली थी। ऐसे में मनपा को जांच में भूखंड पर अवैध निर्माणकार्य होने के चलते कार्रवाई की गई है।
11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया था
महल में अब भी पुलिस तैनात है। हिंसा के बाद शहर के 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया था, जिसे अब पूरी तरह हटा लिया गया है। रविवार को गणेशपेठ, कोतवाली और तहसील थाना क्षेत्र का भी कर्फ्यू हटा लिया गया। शहर 6 दिन बाद अब पूरी तरह कर्फ्यू मुक्त हो गया है। पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल ने रविवार को दोपहर 3 बजे से कोतवाली, तहसील, गणेशपेठ और यशोधरानगर थाने से कर्फ्यू हटाने का आदेश दिया। इस फैसले के साथ ही व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है। इस बीच, प्रशासन दंगाइयों से नुकसान भरपाई वसूलने की तैयारी में जुट गया। 17 मार्च को देर शाम महल इलाके में हिंसा होने के बाद पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल के आदेश पर नागपुर के कोतवाली, तहसील, गणेशपेठ, लकड़गंज, पांचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, इमामवाड़ा, यशोधरानगर, नंदनवन और कपिलनगर थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया था। सबसे पहले नंदनवन और कपिलनगर थाना क्षेत्र का कर्फ्यू हटाया गया। लकड़गंज, पांचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, इमामवाड़ा और यशोधरानगर में कर्फ्यू में दो घंटे की शिथिलता की गई थी।
शनिवार 22 मार्च को पुलिस आयुक्त डॉ. सिंगल ने स्थिति का जायजा लेने के बाद पांचपावली, शांतिनगर, लकड़गंज, सक्करदरा और इमामवाड़ा थाना क्षेत्र का कर्फ्यू हटाने का आदेश दिया, लेकिन कोतवाली, तहसील, गणेशपेठ थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा था। तीन घंटे की शिथिलता के बाद रविवार को इन तीनों थानों से कर्फ्यू पूरी तरह हटा लिया गया है। यशोधरानगर में कर्फ्यू लागू था, लेकिन उसे भी हटा लिया गया है। शहर में सभी इलाके में पुलिस की गश्त जारी रहेगी। स्थानीय पुलिस बल तैनात रहेगा। 17 मार्च की हिंसा में बड़े पैमाने पर पथराव व आगजनी हुई थी। हिंसा में तीन उपायुक्त सहित 33 पुलिसकर्मी व नागरिकों सहित 40 लोग जख्मी हुए थे। अब तक 105 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी की धर-पकड़ शुरू है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कर दिया है कि उपद्रवियों से नुकसान भरपाई वसूली जाएगी, जो नुकसान भरपाई नहीं देंगे, उनकी संपत्ति बेचकर रकम की वसूली होगी।
Live Updates
- 24 March 2025 6:12 PM IST
फहीम खान के घर पर सोमवार को बुलडोजर चला, औरंगजेब की कब्र पर था विवाद
Nagpur News. नीरज दुबे। हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर सोमवार को बुलडोजर चला। इसके साथ ही दूसरे आरोपी यूसुफ शेख का अवैध निर्माण भी तोड़ दिया गया है। नगर निगम ने संजय बाग कॉलोनी, यशोधरा नगर में मौजूद फहीम के मकान को हटाने 24 घंटे का समय दिया था, सोमवार को वक्त पूरा होते ही कार्रवाई को अंजाम दिया गया। फहीम का मकान उसकी पत्नी के नाम पर है। नगर निगम ने बिल्डिंग अप्रूवल में गड़बड़ी को लेकर कार्रवाई का नोटिस दिया था। आपको बतादें 17 मार्च को औरंगजेब की कब्र हटाने को लेकर विवाद के बाद हिंसा हुई। मास्टरमाइंड फहीम समेत 6 आरोपियों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया गया। फहीम पर 500 से ज्यादा दंगाइयों को इकट्ठा करने और हिंसा भड़काने का आरोप है।
Created On :   24 March 2025 5:37 PM IST