- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार...
Nagpur News: प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार संघ मुख्यालय आएंगे मोदी, दीक्षाभूमि भी जाएंगे

- पूर्व सरसंघचालक सुदर्शन के निधन पर पहुंचे थे रेशमबाग
- संघ मुख्यालय आएंगे मोदी
Nagpur News. माधव नेत्रालय के विस्तारित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत के साथ वे मंच साझा करेंगे। इससे पहले वे रेशमबाग स्थित हेडगेवार स्मृति भवन में पहुंचेंगे। उसके बाद दीक्षाभूमि को भी भेंट देंगे। संघ मुख्यालय व दीक्षाभूमि पहुंचने को लेकर प्रधानमंत्री का अधिकृत दौरा कार्यक्रम जाहिर नहीं किया गया है, लेकिन दोनों स्थानों पर उनके दौरे की तैयारी है। माधव नेत्रालय को संघ की सेवा शाखा का भाग माना जाता है। खबर है कि गुढ़ी पाडवा के अवसर पर भवन लोकार्पण कार्यक्रम के साथ ही संघ कार्यकर्ताओं को नया संदेश दिया जाएगा।
पूर्व सरसंघचालक सुदर्शन के निधन पर पहुंचे थे रेशमबाग
सितंबर 2012 में पूर्व सरसंघचालक केसी सुदर्शन के निधन पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नरेंद्र मोदी रेशमबाग स्थित हेडगेवार भवन में पहुंचे थे। वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर राजनीति गर्मायी हुई थी। तब भाजपा के अध्यक्ष नितीन गडकरी थे। पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा के कई बड़े नेता हेडगेवार भवन पहुंचे थे। गंगाबाई दहनघाट में केसी सुदर्शन के अंतिम संस्कार व शोक सभा में भी मोदी शामिल हुए थे। जुलाई 2013 में ,असहमति के बावजूद भाजपा की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख चुने जाने के बाद मोदी ने महल स्थित संघ मुख्यालय में पहुंचकर सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत से करीब सवा घंटे तक चर्चा की थी, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद वे संघ मुख्यालय नहीं पहुंच पाए।
दौरे की चर्चा : प्रधानमंत्री मोदी के संघ मुख्यालय के दौरे की चर्चा कई मायनों में की जा रही है। 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के बाद उन्हाेंने संघ के सरसंघचालक के साथ मंच साझा किया था। 10 मई 2024 को दिल्ली में दोनों साथ आए थे। लेकिन पिछले कुछ समय से चर्चा रही है कि कुछ विषयों काे लेकर मोदी से संघ नाराज है। संघ, भाजपा में व्यक्ति पूजा का विरोध कर रहा है। सरसंघचालक के विविध वक्तव्यों को मोदी को दिया गया नाराजगी का संदेश माना जाता रहा है। अब माना जा रहा है कि संघ की संस्था माधव नेत्रालय के कार्यक्रम के बहाने एक मंच पर आकर मोदी व भागवत, भाजपा व संघ को कोई नया संदेश दे सकते हैं। संघ स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है। माधव नेत्रालय के कार्यक्रम में मोदी, भागवत के अलावा केंद्रीय मंत्री िनतीन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित 6 लोग मंच साझा करेंगे।
Created On :   24 March 2025 8:41 PM IST