Nagpur News: उपराजधानी में करीब 250 प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन, 25 टन निर्माल्य संकलन

उपराजधानी में करीब 250 प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन, 25 टन निर्माल्य संकलन
  • निर्माल्य से जैविक खाद निर्माण होगा
  • 350 से अधिक सार्वजनिक मंडल
  • करीब 90 प्रतिमाओं का विसर्जन

Nagpur News : महानगरपालिका के घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष की ओर से नवरात्रि के पश्चात घट एवं सार्वजनिक प्रतिमाओं के विर्सजन को लेकर व्यवस्था की गई है। शहर में घट विसर्जन के लिए करीब 22 कृत्रिम टैंक लगाएं गए है, जबकि सार्वजनिक प्रतिमाओं के लिए काेराड़ी में विसर्जन व्यवस्था की गई है। पिछले दो दिनों में शहर में 250 से अधिक प्रतिमओं का विसर्जन हुआ है। वहीं दूसरी ओर घट विसर्जन में करीब 25 टन निर्माल्य संकलन हुआ है। सोमवार को करीब 90 प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। मनपा के घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष की ओर से शहर के 7 जोन में घट के लिए कृत्रिम विसर्जन टैंक की व्यवस्था की गई है।

सोनेगांव तालाब परिसर में 2 टैंक, गांधीसागर तालाब परिसर में 1, फुटाला तालाब परिसर में 7, नाईक तालाब परिसर में 2 एवं सक्करदरा तालाब परिसर में 2 के साथ ही अन्य स्थानों का समावेश है। फुटाला तालाब पर ग्रीन विजिल फाऊंडेशन के संस्थापक कौस्तुभ चटर्जी और सुरभि जायस्वाल के नेतृत्व में स्वयंसेवको ने घट विसर्जन कराया। घट विसर्जन और निर्माल्य संकलन के लिए कचरा कंपनी एजी एन्वायरों कंपनी और बीवीजी इंडिया प्राइवेट लिमीटेड कंपनी को दी गई है। बीवीजी इंडिया कंपनी की ओर से 12 टन निर्माल्य संकलन किया गया, जबकि एजी एन्वायरों कंपनी की ओर से करीब 13 टन निर्माल्य संकलन किया गया है।

350 से अधिक सार्वजनिक मंडल

मनपा प्रशासन से शहर भर में करीब 350 से अधिक सार्वजनिक मंडलों में दुर्गा माता प्रतिमा की स्थापना हुई थी। शुक्रवार की देर रात से विसर्जन आरंभ हो गया। शनिवार तक काेराडी के कृत्रिम विसर्जन टैंक में 90 से अधिक मूर्तियों का विसर्जन हुआ। रविवार को विसर्जन का आंकड़ा 250 मूर्तियों तक पहुंच गया है। सोमवार को भी 90 सार्वजनिक मंडलों की प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।

निर्माल्य से जैविक खाद निर्माण होगा

डॉ गजेन्द्र महल्ले, उपायुक्त, घनकचरा व्यवस्थापन कक्ष, मनपा के मुताबिक शहर भर में करीब 22 स्थानों पर घटविसर्जन की व्यवस्था की गई है। घटविसर्जन और निर्माल्य को तत्काल संकलन कर भांडेवाड़ी में पहुंचाया गया है। निर्माल्य पर 40 दिनों की प्रक्रिया के बाद जैविक खाद निर्माण किया जाएंगा। काेराड़ी के कृत्रिम विसर्जन टैंक में 250 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया है, जबकि सोमवार को 90 मूर्तियों का विसर्जन होगा।


Created On :   13 Oct 2024 11:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story