Nagpur News: जर्जर मकान से गिरा मजदूर हुआ घायल, मनपा प्रशासन ने मकान मालिक को दिया नोटिस

जर्जर मकान से गिरा मजदूर हुआ घायल, मनपा प्रशासन ने मकान मालिक को दिया नोटिस
  • मनपा से 24 घंटे में ढहाने का नोटिस
  • 4 मजदूरों को बुलाकर घास काटने का निर्देश दिया था
  • मजदूर अचानक दीवार के ढहने से गिर गया

Nagpur News : इतवारी इलाके के दत्त मंदिर के समीप जर्जर पुराने मकान की घास काटने के लिए पहुंचे मजदूर अचानक दीवार के ढहने से गिर गया। रविवार की सुबह करीब 11 बजे यह दुर्घटना घटित हुई है। घायल मजदूर को परिसर के नागरिकों की सहायता से मेयो अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में अन्य 3 मजदूर भी मलबे में फंस गए थे। तहसील पुलिस और मनपा के गंजीपेठ फायर स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों की सहायता से सुरक्षित रूप में निकाला गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इतवारी परिसर के दत्त मंदिर के समीप रतन मदान के करीब 40 साल पुराने जर्जर मकान पर जंगली घास ऊग आई है। इस घास को हटाने के लिए जैन मंदिर संगठन के अध्यक्ष विपिन मेहता समेत अन्य नागरिकों ने रतन मदान से निवेदन किया था।

4 मजदूरों को बुलाकर घास काटने का निर्देश दिया था

इस निवेदन के चलते रविवार को सुबह करीब 11 बजे के दौरान रतन मदान ने 4 मजदूरों को बुलाकर घास काटने का निर्देश दिया था। जर्जर मकाने होने के चलते मशीन को ऊपर चढ़ाना संभव नहीं था, ऐसे में तीन मजदूर मकान के ऊपरी हिस्से पर चढ़कर कुल्हाड़ी से घास को हटाने लगे, तभी अचानक जर्जर मकान का हिस्सा ढह गया। इस मलबे में मजदूरों के फंसने की जानकारी तहसील पुलिस स्टेशन और मनपा अग्निशमन विभाग को विपिन मेहता ने दी। इसके बाद नागरिकों और फायर कर्मचारियों की सहायता से मजदूर सोनु उर्फ लड्‌डू रतन जनवारे उम्र 35 को सुरक्षित रूप से निकालकर उपचार के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य 3 मजदूरों को प्राथमिक उपचार निजी अस्पताल में दिया गया है।

मनपा से 24 घंटे में ढहाने का नोटिस

मामले की जानकारी मिलते ही मनपा के गांधीबाग जोन के अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद गांधीबाग जोन के सहायक आयुक्त गणेश राठौड़ ने 24 घंटे के भीतर जर्जर मकान को ढहाने का नोटिस दिया है। इस नाेटिस के तहत 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर मनपा से कार्रवाई की जाएंगी।

Created On :   20 Oct 2024 10:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story