Nagpur News: कांग्रेस कार्यकर्ता पर ईंट से हमला करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

कांग्रेस कार्यकर्ता पर ईंट से हमला करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
  • सिर के पीछे लगी गंभीर चोट
  • शाब्दिक विवाद हाथापाई पर पहुंचा
  • गुस्से में आकर सिर पर दे मारी ईंट

Nagpur News अजनी क्षेत्र के चंद्रमणि नगर इलाके में कांग्रेस के कार्यकर्ता सुहास रमेश नानवटकर पर दो आरोपियों ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर अजनी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम लोकेश उर्फ टक्कू सुरेश गयाल (24) रामेश्वरी चौक आैर कार्तिक उर्फ भांजा सूरज बालगुहरे (23) चंद्रमणि नगर निवासी है। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद में मारपीट हुई है। इसकी छानबीन शुरू है। सुहास शहर कांग्रेस का सचिव बताया जाता है।

शाब्दिक विवाद में हमला : पुलिस के अनुसार सुहास रमेश नानवटकर (38) पत्नी के साथ ससुराल चंद्रमणि नगर गया था। इस दौरान मंगलवार की रात करीब 9 बजे सुहास आैर उसकी सास ज्वाला साखरकर घर के सामने बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि दोनों आरोपियों के पहुंचने के दौरान सुहास का लोकेश और कार्तिक से कुछ शाब्दिक विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कार्तिक और लोकेश ने सुहास से मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया। सुहास के सिर केे पीछे गंभीर चोट लग गई। चर्चा है कि शस्त्र से हमला किया गया। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि सुहास के सिर पर ईंट या फिर शस्त्र से हमला किया गया। सुहास की पत्नी तृप्ती ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। अजनी के वरिष्ठ थानेदार नितीनचंद्र राजकुमार ने तत्काल पुलिस कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा।

लगाई थी फटकार : जब मौके पर पुलिस पहुंची, तो सुहास से आरोपी मारपीट कर रहे थे, जिससे पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तृप्ती की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। कार्तिक पर इसके पहले के तीन मामले दर्ज हैं और लोकेश पर एक मामला दर्ज है। बुधवार को दक्षिण नागपुर के पदाधिकारियों ने पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव से मुलाकात कर सुहास को सुरक्षा दिलाने की मांग की है। अजनी पुलिस की मानें तो दोनों आरोपियों का सुहास की सास के घर के पास आना-जाना था। इस बात को लेकर सुहास ने कई बार फटकार लगाई थी।

Created On :   17 Oct 2024 10:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story