Nagpur News: धार्मिक स्थल के पास बिक रहा था गांजा, पुलिस ने छापा मारकर दबोचा

धार्मिक स्थल के पास बिक रहा था गांजा, पुलिस ने छापा मारकर दबोचा
  • परिसर में सिलसिलेवार मिल रही नशे की सामग्री
  • पुलिस बंदोबस्त के बावजूद बेच रहे थे गांजा
  • पुलिस ने जाल बिछाकर दबोचा

Nagpur News धार्मिक स्थल के पास पुलिस ने छापा मार कर आरोपी गांजा विक्रेता को धर दबोचा । घटित प्रकरण से हड़कंप मचा रहा। जूनी कामठी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे गांजा और दोपहिया वाहन जब्त किया गया है। इस बीच गुरुवार की दोपहर उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड में लिया गया है।

आरोपी गांजा विक्रेता मोहतसिम अकील अहमद 25 वर्ष नया बाजार कामठी निवासी है। उत्सव होने से धार्मिक स्थल के लोगों की चहल-पहल बनी हुई थी। जिसके चलते परिसर में पुलिस का बंदोबस्त लगा हुआ था। उसके बाद भी चोरी छिपै धार्मिक स्थल के पास गांजा बिक्री किए जाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली । पुलिस बंदोबस्त होने के बाद भी गैर कानूनी गतिविधियां संचालित करने से पुलिस अवाक रह गई। जिससे आरोपी को पकड़ने के लिए परिसर में जाल बिछाया गया। संदिग्ध स्थिति में दिखने से मोहतसिम को घेर लिया गया। पूछताछ करने से वह टालमटोल जवाब देने लगा था।

सख्ती से उसके दोपहिया वाहन की तलाशी ली गई। वाहन की डिक्की से 2 किलो 70 ग्रॉम गांजा बरामद हुआ है। उसने गांजा कहां से लाया इस बारे में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया है। घटित प्रकरण से आरोपी गांजा बिक्री में लंबे समय से सक्रिय होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गांजा बरामद होने से उसके खिलाफ मादक पदार्थ विरोधी कानून के तहत धारा 8(क),20(ब)(2) प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उससे गांजा,दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन ऐसे कुल 80 हजार 330 रुपए का माल जब्त किया गया है। शुक्रवार की दोपहर उसे स्थानीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड में लिया गया है। प्रकरण में उसके कुछ साथी भी लिप्त होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इस बारे में जांच पड़ताल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कामठी परिसर में सिलसिलेवार नशे की सामग्री मिलने की यह चौथी घटना है। करीब तीन दिन पहले महिला सहित चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ था। उस दौरान गांजा की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। पुलिस आयुक्त डॉ.रविंद्रकुमार सिंगल,सह पुलिस आयुक्त निसार तांबोली,अपर आयुक्त प्रमोद शेवाले,उपायुक्त निकेतन कदम के मार्गदर्शन में वरिष्ठ निरीक्षक प्रशांत जुमडे और उनकी टीम ने की है।

Created On :   10 Oct 2024 10:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story