- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- बदले गए अध्यक्ष - यूनिवर्सिटी में...
Nagpur news: बदले गए अध्यक्ष - यूनिवर्सिटी में फुले दंपति की प्रतिमा लगाने में हो रही थी देरी

- साल भर में स्थापित होगी प्रतिमा : शेराम
- जन सहयोग से बनेगी प्रतिमा
Nagpur news. राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय का शैक्षणिक परिसर थोर समाज सुधारक, समाज प्रबोधक महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम है। महात्मा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले के स्त्री शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान को ध्यान में लेते हुए विश्वविद्यालय परिसर में फुले दंपति की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए समिति गठित की गई, लेकिन पिछले साल भर से समिति के अध्यक्ष ही समय नहीं दे रहे हैं। इसलिए फुले दंपति की प्रतिमा लगाने में हो रही देरी को देखते हुए आखिरकार समिति के अध्यक्ष को ही बदल दिया गया है।
ऐसे चला क्रम
नागपुर विवि के शनिवार को हुए सीनेट सभा में समिति का अध्यक्ष बदलने का फैसला लिया गया। साथ ही समिति के सदस्य दिनेश शेराम को समिति का नया अध्यक्ष बनाया गया, ताकि फुले दंपति की प्रतिमा जल्द से जल्द लगाने का काम पूरा किया जा सके। वर्ष 2017 में तत्कालीन सीनेट सदस्य डॉ. प्रशांत डेकाटे ने विश्वविद्यालय परिसर में फुले दंपति की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। सीनेट सभा में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। विश्वविद्यालय परिसर में यह प्रतिमा कहां लगाई जाए, यह स्थान निर्धारित करने के लिए एक समिति गठित की गई। इस समिति ने 2022-23 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रस्ताव में सुझाव दिया गया कि फार्मास्युटिकल विभाग के परिसर क्षेत्र में फुले दंपति की प्रतिमा स्थापित की जाए। आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मनपा पूर्व स्थायी समिति सभापति अविनाश ठाकरे की अध्यक्षता में समिति गठित की गई।
सीनेट में उठा मुद्दा
शनिवार की सीनेट सभा में सदस्य राहुल हनवते ने सवाल उठाया कि प्रतिमा स्थापित करने के लिए गठित समिति की अब तक कितनी बैठकें हुई हैं। इस पर जवाब में बताया गया कि, समिति के अध्यक्ष पिछले एक वर्ष वह समय ही नहीं दे रहे थे। समिति का कोरम पूरा न होने के कारण बैठक नहीं हो रही है। इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समिति का अध्यक्ष ही बदल दिया गया। इस फैसले के बाद अब विवि परिसर में फुले दंपति की प्रतिमा जल्द से जल्द स्थापित होने की आशा जताई जा रही है।
साल भर में स्थापित होगी प्रतिमा : शेराम
समिति के नए अध्यक्ष दिनेश शेराम ने बताया कि जो काम करने के इच्छुक हैं, ऐसे ही सदस्यों की नियुक्ति करके समिति का पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि एक वर्ष के भीतर ही फुले दंपति की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
जन सहयोग से बनेगी प्रतिमा
दिनेश शेराम ने यह भी बताया कि, महाराज बाग चौक स्थित विश्वविद्यालय के परिसर क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित होगी। इसके लिए एक समिति गठित की गई है। इस समिति द्वारा जन सहयोग से यह काम किया जाएगा। इसी तर्ज पर जन सहयोग से फुले दंपति की भी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पहले एक ट्रस्ट बनाकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Created On : 10 March 2025 1:33 PM