Nagpur News: अनाज कारोबारी ने सर्राफा व्यापारी को लगाई 2.34 करोड़ की चपत

अनाज कारोबारी ने सर्राफा व्यापारी को लगाई 2.34 करोड़ की चपत
  • आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज
  • लगातार सोना खरीदी करने से बढ़ा भरोसा

Nagpur News सर्राफा व्यापारी को दो करोड़ रुपए से भी ज्यादा रकम से चपत लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटित वाकये से आरोपी अनाज व्यापारी के खिलाफ प्रताप नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामला बड़ी रकम से जुड़ा होने के कारण उसकी जांच-पड़ताल अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को सौंपा जाने वाला है।

ऐसे जीता विश्वास : संभाजी नगर चौक निवासी सर्राफा व्यापारी जयंत वसंतराव पालकर (49) की संभाजी नगर में ही श्री सप्तश्रृंगी ज्वेलर्स नाम से सर्राफा की दुकान है, जबकि आरोपी अनाज व्यापारी राहुल कुमार नरेंशचंद खाबीया उर्फ जैन नलावडे ले-आउट में राऊत नामक व्यक्ति के घर में किराए से रहता है। कुछ वर्ष पहले दो-तीन बार राहुल ने जयंत की दुकान से सोने के आभूषण खरीदे थे। लाखों रुपए का सोना खरीदी करने से जयंत की उससे जान पहचान हो गई। इस कारण वह कुछ रकम भी रखता था। कुछ दिन बाद राहुल चेक के जरिए पेमेंट भी दे देता था। इस कारण जयंत उसका विश्वास करने लगा था।

टालमटोल जवाब देने लगा : 1 फरवरी 2024 को राहुल ने जयंत के दुकान से 2 किलो 148 ग्राम सोना खरीदी किया। बदले में जयंत को ए.यू. स्मॉल फाइनेंनस कंपनी का 1 करोड़ 50 लाख रुपए का चेक दिया था। पूर्व के लेन-देन के अनुभवों के आधार पर जयंत ने चेक ले लिया, लेकिन जब वह चेक को कैश कराने गया तो पता चला कि उसका पेमेंट राहुल ने रोक दिया है। पूछने पर उसने कोई तकनीकी कारण बताया और दूसरा चेक दिया, लेकिन दूसरे चेक से भी जयंत को पेमेंट नहीं मिला। उसके बाद वह टालमटोल जवाब देने लगा।

मामला थाने पहुंचा : इससे जयंत को ठगे जाने का एहसास हुआ। दोनों में विवाद हुआ, तो मामला थाने पहुंचा। जांच पड़ताल के दौरान जयंत को 2 करोड़ 34 लाख 9 हजार रुपए से ठगे जाने की पुष्टि हो गई। उपनिरीक्षक दंदाले ने आरोपी राहुल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामला करोड़ों रुपए से जुड़ा होने के कारण अपराध शाखा के आर्थिक विभाग को उसकी पड़ताल सौंपे जाने के संकेत मिले हैं। आरोपी की गिरफ्तारी होना बाकी है।


Created On :   12 March 2025 11:25 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story