Nagpur News: अमेरिका से डिपोर्ट : अप्रवासियों में नागपुर का युवक भी शामिल

अमेरिका से डिपोर्ट : अप्रवासियों में नागपुर का युवक भी शामिल
  • महाराष्ट्र के दो अन्य भी लौटे
  • कड़ी पुलिस सुरक्षा में अमृतसर से उनके गृह नगर भेजा

Nagpur News अमेरिका से भारत डिपोर्ट किये गए अवैध अप्रवासियों में नागपुर के एक युवक के साथ महाराष्ट्र के तीन लोग शामिल हैं। इन्हें गोपनीय तरीक़े से कड़ी पुलिस सुरक्षा में अमृतसर से उनके गृह नगर भेजने की खबर है। फिलहाल प्रशासनिक और पुलिस के स्तर पर इस मामले में अधिकृत रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

डंकी रूट से गए थे : विदेश मंत्रालय द्वारा जारी सूची के मुताबिक नागपुर के हरप्रीत सिंह लालिया (33) के अलावा मुम्बई के गुरविंदर सिंह (44) और अडग़ांव के प्रशांत अनिल जहागिरदार (32) को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। बताया जाता है कि ये तीनों लाखों रुपये खर्च करके डंकी रूट से अमेरिका में घुसे थे। सूत्रों का कहना है कि वे तीनों हाल ही में अवैध रूप से सीमा पार करके अमेरिका में दाखिल हुए थे। इनके पास अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय पासपोर्ट भी जब्त किए थे।

गौरतलब है कि अमेरिका से 104 अवैध प्रवासी भारतीयों को भारत ला रहा सैन्य विमान सी-17 ग्लोबमास्टर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे अमृतसर के गुरु रविदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसमें 11 क्रू मेंबर और 45 अमेरिकी अधिकारी भी साथ आए हैं। हालांकि, एयरपोर्ट के बाहर तमाम मीडिया चैनल और संवाददाता तैनात थे, लेकिन अवैध अप्रवासियों को गुपचुप तरीके से पीछे के गेट से बाहर निकालकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इसके पहले अमृतसर एयरपोर्ट पर ही सभी 104 अवैध अप्रवासियों की जांच भी की गई। राज्य पुलिस से जुड़े हुए सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र के तीनों लोगों को पुलिस सुरक्षा में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि नागपुर निवासी युवक को मुम्बई आने के बाद यहां लाया जाएगा।


Created On :   6 Feb 2025 3:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story