विधानसभा चुनाव: जीत का मंत्र - संपर्क संवाद से दूर होगा दुष्प्रचार काम करते रहें, सफल होंगे

जीत का मंत्र - संपर्क संवाद से दूर होगा दुष्प्रचार काम करते रहें, सफल होंगे
  • भाजपा पदाधिकारियों को सीख
  • सफलता का समय तय नहीं रहता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही भाजपा में पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ काम करने का मंत्र मिला है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पदाधिकारियों से कहा है कि वे संपर्क व संवाद पर अधिक ध्यान दें। इससे न केवल लोग जुड़ेंगे, बल्कि सफलता मिलेगी। संगठन कार्य में कार्यकर्ताओं का उत्साह बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। कहा गया कि कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोबल घटाने का काम करते हैं, लेकिन सभी को यह स्मरण रखना होगा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता का समय तय नहीं रहता है। पूरी मेहनत व ईमानदारी के साथ किए गए प्रयास एक दिन सफलता अवश्य दिलाते हैं।

भाजपा परिवारवादी नहीं : गडकरी

शनिवार को शहर भाजपा का अधिवेशन सुरेश भट सभागृह में हुआ। अधिवेशन के आरंभ सत्र में गडकरी ने कहा कि भाजपा परिवारवादी नहीं है। वे पार्टी में प्रचार के लिए पोस्टर चिपकाने का काम करते थे, लेकिन उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया। भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता का महत्व है। कार्यकर्ता को बूथ पर ध्यान देना चाहिए। नागरिकों व मतदाताओं की विविध समस्याओं को दूर करने में योगदान देना चाहिए।

भ्रम फैलाया जा रहा है : फडणवीस

फडणवीस ने कहा कि महायुति सरकार के विरोध में निराधार प्रचार किया जा रहा है। विविध कल्याणकारी योजनाओं के बारे में झूठी जानकारी दी जा रही है। संविधान बदलने का भ्रम फैलाया जा रहा है। 2024 में राज्य में फिर से महायुति की सरकार आएगी। विरोधियों को जवाब देने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता काम करें।

मजबूती पर दिया जोर

वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने संगठन मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। शहर अध्यक्ष बंटी कुकडे ने प्रस्तावना रखी। संगठन मंत्री विष्ष्णु चांगदे ने चुनाव के संबंध में संगठन कार्य का रोडमैप प्रस्तुत किया। प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल मेश्राम ने नई मतदाता सूची में नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने का आह्वान किया। महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष प्रगति पाटील, पूर्व विधायक मिलिंद माने, पूर्व विधायक अनिल सोले ने भी संबोधित किया। विधायक कृष्णा खोपडे, मोहन मते, विकास कुंभारे, परिणय फुके , पूर्व सांसद अजय संचेती, विकास महात्मे सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर थे। संचालन गुड्डू त्रिवेदी, संदीप गवई, राम अंबुलकर ने किया। आभार बाल्या बोरकर ने माना।



Created On :   4 Aug 2024 10:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story