Nagpur News: ट्रेन से इटारसी जाने के लिए निकला था, नागपुर हिंसा में राहगीर की मौत

ट्रेन से इटारसी जाने के लिए निकला था, नागपुर हिंसा में राहगीर की मौत
  • तगडे़ बंदोबस्त के बीच हुई दफन विधि
  • पुलिस के सामने पिटाई

Nagpur News. हिंसक घटना में जख्मी राहगीर ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मेयो अस्पताल में उसकी मौत हो गई है। इस प्रकरण में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को बचाने का प्रयास करने से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को उसके बर्ताव ने कठघरे में खड़ा कर दिया है।

इरफान अंसारी शफिक अंसारी (41) बंदे नवाज नगर निवासी था। वह वेल्डिंग का काम करता था। मध्य प्रदेश के इटारसी में उसका काम चल रहा है। 17 तारीख की रात करीब 9 से 10 बजे के दौरान वह रेलवे स्टेशन जाने के लिए घर से रवाना हुआ। उसी वक्त मध्य नागपुर में हुई हिंसक घटना के कारण गोलीबार चौक से नई शुक्रवारी की तरफ आने वाला मार्ग, गोलीबार चौक से मोमिनपुरा, हंसापुरी, भालदारपुरा, गांधीबाग, चिटणीस पार्क चौक समेत अधिकांश मार्गों को पुलिस ने बंद कर दिया था। इस कारण ऑटो िरक्शे वाले से इरफान को गोलीबार चौक में ही उतार दिया था। वहां से रेलवे स्टेशन जाने के लिए इरफान पैदल ही गलियों से होकर निकला था।

तगडे़ बंदोबस्त के बीच हुई दफन विधि

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रात में इरफान के शव की दफन विधि की गई। दफन विधि में करीब सौ लोग की ही उपस्थिति की अनुमति मिली थी। हालांकि बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। माहाैल बिगड़ने की आशंका से परिसर में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया था।

आरोप : घेर कर हमला

इरफान के भाई रिजवान ने बताया कि उस दौरान गीतांजलि टॉकीज के पीछे गली में चार से पांच लोगों ने उसे घेर लिया और हमला बोल दिया। यह बात रात करीब 11.30 बजे की है। लहूलुहान अवस्था में वह वहीं पर बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। पुलिस ने उसे मेयो अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 1.45 बजे मेयो अस्पताल से इरफान के घर में फोन कर पुलिस ने उसके जख्मी होने की खबर पुलिस को दी। परिजन अस्पताल पहुंचे। उस वक्त इरफान वेंटिलेटर पर था। पांच दिन तक वह अस्पताल में मौत से संघर्ष करता रहा। आखिरकार शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। पत्नी गृहिणी है। बेटी पढ़ाई करती है।

पुलिस के सामने पिटाई

सूत्रों के अनुसार, पुलिस के सामने इरफान को पीटा गया है। अधमरी हालत में जब पुलिस ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो पुलिस के हाथों से घसीटते हुए फिर से समीर के कार पार्किंग में ले जाकर उसे पीटा गया।

जनप्रतिनिधि का बर्ताव संदेह के घेरे में

प्रकरण में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उनके बचाव में एक जनप्रतिनिधि तहसील थाने में गया था। करीब डेढ़ दो सौ समर्थकों के साथ आ धमका था, जबकि परिसर में कर्फ्यू लगा है।

Created On :   23 March 2025 2:46 PM

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story