- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राहुल गांधी बोले - महाराष्ट्र में...
New Delhi News: राहुल गांधी बोले - महाराष्ट्र में मतदाता सूची में हुई हेराफेरी, कुल वयस्क आबादी से ज्यादा हैं वोटर
![राहुल गांधी बोले - महाराष्ट्र में मतदाता सूची में हुई हेराफेरी, कुल वयस्क आबादी से ज्यादा हैं वोटर राहुल गांधी बोले - महाराष्ट्र में मतदाता सूची में हुई हेराफेरी, कुल वयस्क आबादी से ज्यादा हैं वोटर](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/07/1401346-1.webp)
- 5 साल में 32 लाख और 5 माह में 39 लाख बने नए मतदाता
- महाराष्ट्र में कुल वयस्क आबादी से ज्यादा हैं मतदाता
- चुनाव आयोग अगर ‘जिंदा’ है तो दे जवाब - संजय राउत
New Delhi News. दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम आने से ठीक एक दिन पहले महाविकास अघाड़ी (एमवीए) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अनियमितता का आरोप दोहराया है । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में 5 माह में 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए, जो 5 साल में राज्य में बने मतदाताओं की संख्या से ज्यादा हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में मतदाताओं की संख्या राज्य में कुल वयस्क आबादी से अधिक है। राहुल गांधी ने केंद्रीय चुनाव आयोग से मांग की कि वह महाराष्ट्र के मतदाताओं की पूरी सूची उपलब्ध कराएं, जिसके आधार पर लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतदान हुआ है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने यहां एक संयुक्त संवाददाता-सम्मेलन को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 से लेकर लोकसभा चुनाव 2024 के बीच महाराष्ट्र में 32 लाख नए मतदाता जोड़े गए। वहीं, लोक सभा चुनाव 2024 और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 यानी कि 5 माह के बीच 39 लाख मतदाता जोड़ दिए गए। इसका मतलब ये कि हिमाचल प्रदेश में मतदाताओं की जितनी आबादी है, महाराष्ट्र में 5 माह में ही इतने नए मतदाता जोड़े गए। राहुल गांधी ने सवाल किया कि आखिर ये 39 लाख मतदाता कौन हैं और कहां से आए हैं। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र की व्यस्क जनसंख्या 9.54 करोड़ है, लेकिन चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में 9.70 करोड़ मतदाता हैं। इसका मतलब कि चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में जनसंख्या से ज्यादा मतदाता हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में कामठी विधानसभा क्षेत्र में 1.36 लाख वोट मिले, ये चुनाव कांग्रेस जीत गई। इसके बाद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले यहां 35 हजार नए मतदाता जोड़े गए। ये सारे मत भाजपा के खाते में चले गए और वह चुनाव जीत गई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारा वोट कम नहीं हुआ है, बल्कि भाजपा का वोट ज्यादा बढ़ा है।
चुनाव आयोग अगर ‘जिंदा’ है तो दे जवाबः संजय राउत
शिवसेना यूबीटी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग जिंदा है तो उसे राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन वह जवाब नहीं देगा क्योंकि वह सरकार का गुलाम बन गया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नए 39 लाख मतदाता अब बिहार चुनाव में जाएंगे। दिल्ली में भी इसमें से कुछ मतदाता नजर आए हैं। अब वे बिहार और उसके बाद उत्तर प्रदेश के चुनाव में मतदान करने जाएंगे। ये भाजपा का नया पैटर्न है, वह ऐसे ही चुनाव जीतती है। अगर देश में लोकतंत्र को जिंदा रखना है तो राहुल गांधी ने जो सवाल पूछा है, वह जनता को भी पूछना होगा।
महाराष्ट्र में विपक्ष पर चौतरफा हमलाः सुप्रिया सुले
एनसीपी (शरद पवार) की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी पर चौतरफा हमले हुए। हमारे सांसदों, विधायकों और पार्टी को तोड़ा गया। इसकी लड़ाई हम अब भी सुप्रीम कोर्ट में लड़ रहे है।
Created On :   7 Feb 2025 6:38 PM IST