- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पीएम मोदी 21 फरवरी को करेंगे 98 वें...
New Delhi News: पीएम मोदी 21 फरवरी को करेंगे 98 वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन

- मराठी साहित्य सम्मेलन में भव्य कार्यक्रमों को होगा आयोजन
- पीएम मोदी 21 फरवरी को उद्घाटन करेंगे
New Delhi News. अखिल भारतीय मराठी साहित्य का 98वां सम्मेलन इस शुक्रवार, 21 से 23 फरवरी तक राष्ट्रीय राजधानी के तालकटोरा स्टेडियम में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज साहित्य नगरी में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों यहां विज्ञान भवन में होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राकांपा (शरद) के अध्यक्ष शरद पवार समेत राज्य के तमाम वरिष्ठ नेता व सम्मेलन से जुड़े वरिष्ठ लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजक सरहद संस्था के प्रमुख संजय नाहर ने यहां ये जानकारी दी। महाराष्ट्र सदन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में संजय नाहर ने बताया कि विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज साहित्य नगरी में सायं 6.30बजे उद्घाटन का दूसरा सत्र आयोजित किया जाएगा। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के पहले दिन शाम को अंतिम सत्र में आमंत्रित अतिथियों का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनिंदा ख्याति प्राप्त कवि भाग लेंगे।
बैठक हॉल के नाम
छत्रपति शिवाजी महाराज साहित्य नगरी में बैठक हॉल का नाम भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, यशवंतराव चव्हाण और महात्मा ज्योतिराव फुले जैसे महापुरुषों के नाम पर रखा गया है और प्रवेश द्वार का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया है। सम्मेलन स्थल पर बड़ी संख्या में प्रकाशकों के स्टॉल होंगे, साथ ही एक 'संत महीपति' मंच भी होगा जहां महत्वाकांक्षी लेखकों की पुस्तकें प्रकाशित की जाएंगी। नाहर ने बताया कि इस साहित्य सम्मेलन में देश के बाहर से भी साहित्यकार शामिल होंगे।
Created On :   17 Feb 2025 9:33 PM IST