Mumbai News: मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से बड़ी परियोजनाओं की जानकारी मांगी

मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से बड़ी परियोजनाओं की जानकारी मांगी
  • शुक्रवार की कैबिनेट में हो सकते हैं कई बड़े फैसले
  • राज्य में चल रही सभी बड़ी परियोजनाओं की जानकारी मांगी
  • आचार संहिता लगने से पहले बड़ी परियोजनाओं पर फोकस

Mumbai News सोमदत्त शर्मा. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की आहट सुनाई देने लगी है। कुछ दिन पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मुंबई का दौरा कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की थी। अब राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य में चल रही सभी बड़ी परियोजनाओं की जानकारी प्रत्येक विभाग से मांगी है। सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में शिंदे सरकार कई बड़े फैसले ले सकती है। मुख्यमंत्री शिंदे ने सभी विभागों से बड़े कार्यों का पिछले ढाई साल का ब्यौरा भी मांगा है।

दरअसल जिस वर्ष राज्य में चुनाव होते हैं तो राज्य सरकार की कोशिश होती है कि चुनाव में आचार संहिता लगने से पहले बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की जाए, ताकि उसका फायदा चुनाव में मिल सके। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने राज्य के सभी विभागों को आदेश देकर प्रत्येक विभाग में चल रही बड़ी परियोजनाओं की जानकारी मांगी है। आदिवासी विभाग के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर 'दैनिक भास्कर' से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से ने एक संदेश मिला है, जिसमें उनके विभाग के पिछले ढाई साल के दौरान बड़े फैसलों और परियोजनाओं की जानकारी मांगी है। इसके अलावा विभाग की आगे किस तरह की परियोजनाएं संचालित की जा सकती हैं, इसको लेकर भी जानकारी मांगी है। इस अधिकारी ने कहा कि यह है जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सभी विभागों से मांगी गई है। दरअसल शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है जिसमें राज्य सरकार कुछ बड़े फैसले ले सकती है।

एक सप्ताह में दूसरी बार मंत्रिमंडल की बैठक क्यों? : ऐसा बहुत कम होता है कि मंत्रिमंडल की बैठक एक ही सप्ताह में दो बार हो। दरअसल ऐसा इस बार इसलिए हो रहा है क्योंकि राज्य में अगले चंद दिनों में विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लगने वाली है। ऐसे में इस बैठक में कुछ लोकलुभावन फैसले सरकार ले सकती है। इससे पहले 22 सितंबर को राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने एक कार्यक्रम में कहा था कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अगले 15 दिनों में आचार संहिता लग जाएगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी कह चुके हैं कि नवरात्रि के बाद राज्य में कभी भी आचार संहिता लग सकती है।

Created On :   3 Oct 2024 3:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story